इंदौर. आपराधिक गतिविधियों में लिप्त आरोपियों पर निगाह रखने के लिए पुलिस ने ‘तीसरी आंख’ अभियान शुरू किया है। इसके तहत जनता के सहयोग से कॉलोनियों-मोहल्लों में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा रहे हैं। पुलिस ने रविवार को जयरामपुर कॉलोनी में सात सीसीटीवी कैमरे लगवाए।
अभियान की शुरुआत जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में हुई। इसके तहत जूनी इंदौर टीआई पवन सिंघल ने बताया तीन माह में इस पूरे थाना क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए जाएंगे। जयरामपुर कॉलोनी में जो सात कैमरे लगवाए हैं वे बेहतर क्वालिटी के हैं।
इसमें नाइट विजन होने के साथ ही वहां से गुजरने वाले की गाड़ियों के नंबर व चालक का चेहरा तक साफ नजर आ जाएगा। प्रत्येक कैमरे की कीमत दस हजार रुपए है। अब सिंधी कॉलोनी में व्यापारियों-रहवासियों की मीटिंग लेकर वहां भी कैमरे लगवाए जाएंगे।
बैंक अधिकारियों को भी देंगे निर्देश- आगामी दिनों में क्षेत्र की बैंक शाखाओं के अधिकारियों की भी मीटिंग ली जाएगी। उन्हें निर्देशित किया जाएगा कि वे बैंक में बेहतर क्वालिटी के कैमरे लगाएं। उन्हें साइबर क्राइम संबंधी जानकारी भी जाएगी।