इंदौर. शहर में अग्रसेन जयंती महोत्सव जारी है। संस्था अग्रज के बैनर तले आठ महिला संगठनों द्वारा मंगलवार शाम 7 बजे कुलदेवी महालक्ष्मी व नौलखा स्थित महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा की 1008 दीपों से महाआरती की जाएगी। इसके अलावा आतिशबाजी, पूजा की थाली सजाओ जैसी स्पर्धाओं सहित कई कार्यक्रम होंगे।
संयोजक संगीता-अरविंद बागड़ी ने बताया 500 पूजा की थालियों की प्रविष्टियां आ चुकी हैं। उत्सव में पहली बार सात फीट लंबी अगरबत्ती भी लगाई जाएगी। थाली सजाने वाली महिलाओं एवं युवतियों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे जबकि प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेताओं को अलग से पुरस्कृत किया जाएगा। जयंती के दिन 25 सितंबर को प्रात: 9 बजे महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का दुग्धाभिषेक किया जाएगा।
समृद्धि के लिए सामाजिक विषमता दूर करना जरूरी- महाराजा अग्रसेन ने अपने आदर्शों से विश्व में समता, समरसता और समाजवाद की बुनियाद रखी। उनके सिद्धांत और नीतियों अमल में लाने से समृद्ध राष्ट्र की पुनर्स्थापना हो सकती है। सामाजिक विषमता दूर किए बिना कोई समाज या राष्ट्र आगे नहीं बढ़ सकता।
यह बात अतिथियों ने अग्रवाल परिषद द्वारा जाल सभागृह में आयोजित अग्रसेन जयंती महोत्सव की स्पर्धाओं के पुरस्कार वितरण समारोह में कही। अतिथि समाजसेवी विनोद अग्रवाल, राम एरन एवं संजय अग्रवाल थे।
स्वागत परिषद के अध्यक्ष अशोक मित्तल एवं सचिव सुरेश अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक द्वारकाधीश मित्तल आदि ने किया। समाज के 30 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
विशेषांक का विमोचन
अग्रवाल एकता दर्पण के महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में निकलने वाले विशेषांक का विमोचन रेसीडेंसी कोठी पर लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने किया। श्रीमती महाजन ने कहा- अग्रवाल-वैश्य समाज देशभर में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह कर रहा है। एकता दर्पण के संपादक अनिल अग्रवाल ने बताया इस मौके पर रमेश अग्रवाल, अमिताभ सिंघल, महेशचंद्र गुप्ता आदि मौजूद थे।