रतलाम. बजरंगदल जिला सह संयोजक कपिल राठौड़ व उनके कर्मचारी पुखराज पालीवाल का अंतिम संस्कार भारी सुरक्षा के बीच हुआ। कपिल का अंतिम संस्कार त्रिवेणी व पुखराज का जवाहरनगर मुक्तिधाम में हुआ। कपिल को अंतिम विदाई देने हजारों लोग शवयात्रा में शामिल हुए। भीड़ ने कई जगह आक्रोश जताया व पथराव किया। वाहन में तोड़फोड़ व आग लगाने की घटना भी हुई।
महू रोड बस स्टैंड पर शनिवार को अज्ञात हमलावरों ने कपिल व पुखराज की हत्या कर दी थी। रविवार सुबह 8 बजे जिला अस्पताल में पैनल ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम किया। पैनल में डॉ. बी.एल. तापड़िया, डॉ. एस.के. वरुण, डॉ. दिनेश भूरिया व डॉ. भरत निनामा शामिल थे। सुबह 9.30 बजे पुलिस ने मृतकों के शव परिजनों को सौंपे।
पेट व छाती से निकली गोली-पीएम के दौरान कपिल के पेट व छाती से दो गोलियां निकलीं। पुखराज के शरीर पर धारदार हथियार के कई घाव मिले। पोस्टमार्टम के दौरान जिला अस्पताल परिसर में हिंदू संगठनों के नेता, कार्यकर्ता, मृतकों के परिजन व डीआईजी एस.पी. सिंह, सीएसपी संतोषसिंह भदौरिया, एसडीएम एस.के. झा, तहसीलदार वीरेंद्र कटारे, अनिल भाना, अपर तहसीलदार संजय वाघमारे अन्य मौजूद थे।
शव देख बिलख पड़े परिजन -कपिल का शव धीरजशाहनगर स्थित घर पहुंचा तो परिजन व नाते-रिश्तेदार बिलख पड़े। पिता शंकरलाल शनिवार से ही गहरे सदमे में हैं। मां शोभादेवी, पत्नी अलका व 12 वर्षीय बेटी का बुरा हाल था। उन्हें संभालना मुश्किल था। पांच साल का बेटा उदय भी सदमे में था। दृश्य अत्यंत ही मार्मिक था। वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं। सुबह 10.40 बजे कपिल की अंतिम यात्रा घर से निकली जो 11.35 बजे त्रिवेणी मुक्तिधाम पहुंची। यहां बेटे ने मुखाग्नि दी।
उठावना आज- राठौड़ परिवार के नजदीकी धर्मेंद्रसिंह यादव ने बताया सोमवार सुबह 10 बजे धीरजशाहनगर स्थित कपिल राठौड़ के निवास पर उठावना होगा।
पुखराज का शव देखती रही मां
पुखराज का शव 9.40 बजे भाई मनोज पालीवाल के पीएंडटी कॉलोनी स्थित घर पहुंचा। भारी पुलिस बल साथ था। क्षेत्रीय पार्षद भगतसिंह भदौरिया ने अंतिम संस्कार की तैयारी करवाई। मां शांतिबाई जवान बेटे का शव देख सुधबुध खो बैठी। वह अपलक उसे निहारती रही। भाई मनोज व विनोद भी बुरी तरह बिलखते रहे। पुलिस की मौजूदगी में शवयात्रा निकली। अंतिम संस्कार जवाहरनगर मुक्तिधाम में हुआ।
बोहरा बाखल में पथराव
चांदनी चौक से गुजरते समय कपिल की अंतिम यात्रा में शामिल कुछ युवकों ने बोहरा बाखल क्षेत्र में पथराव कर दिया। पथराव से मकानों की खिड़कियों के कांच टू गए और दुकानों के बोर्ड क्षतिग्रस्त हुए। त्रिवेणी मुक्तिधाम पहुंचने से पहले युवक फिर आक्रोशित हो गए और भगतपुरी में एक मकान के सामने खड़ी दो साइकिल व एक स्कूटर (एमपी 14 जे 9791) में आग लगा दी। स्कूटर व साइकिलें अजमेरुद्दीन पिता गफूर जयपुरवाले के मकान के बाहर खड़ी थीं। पड़ोसी ने पानी डालकर आग बुझाई।
बसों से घर पहुंचाया लोगों को
अंतिम संस्कार में शामिल लोगों के पथराव की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया। श्मशान से लौटने वालों को बस से घरों तक पहुंचाया। बसों पर रास्ते में नजर रखने के निर्देश भी वायरलेस सेट पर आईजी वी. मधुकुमार की ओर से एसपी डॉ. आशीष ने जारी किए। 12.20 बजे से अंतिम संस्कार में शामिल लोगों को पहुंचाने का सिलसिला शुरू हुआ जो 1.30 बजे तक चला। लोगों को पहुंचाने के लिए बसों ने 37 फेरे लगाए।
15-15 हजार का इनाम, 3 हिरासत में
आईजी वी. मधुकुमार ने दोहरे हत्याकांड तथा पार्षद के हमलावरों का सुराग देने वाले को 15-15 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। एसपी डॉ. आशीष ने बताया घटना के बाद स्थिति नियंत्रण में है। कानून व्यवस्था के लिए 600 से अधिक पुलिसकर्मी और 12 राजपत्रित अधिकारी आए हैं। दोनों घटनाओं की जांच के लिए 20 पुलिसकर्मियों की टीम गठित की है। इसमें स्टेशन रोड टीआई के साथ क्राइम स्क्वॉड, सायबर सेल को लगाया है। दोहरे हत्याकांड के मामले में तीन युवकों को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही मामले का खुलासा हो जाएगा।
सीसीटीवी फुटेज से कर रहे हैं पहचान
शहर में तोड़फोड़ करने वालों और शांतिभंग करने वालों पर पुलिस कार्रवाई करेगी। एसपी ने बताया शनिवार को लोगों ने दुकानों में तोड़फोड़ की थी। उन्हें कुछ युवक उकसा रहे थे। सीसीटीवी फुटेज से इनकी पहचान की जा रही है। मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी दें-कपिल राठौड़ और विक्रम उर्फ ‘दीपू’ के परिवार को सुरक्षा देने की मांग सांसद दिलीपसिंह भूरिया ने की है। उन्होंने कपिल की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग भी की। उन्होंने कहा गरबा पंडालों की सुरक्षा के साथ पुलिस को आरती के लिए छूट देना चाहिए। सड़क मार्ग से शहर में आने वाले लोगों को पुलिस सालाखेड़ी में रोक रही है उन्हें सुरक्षा के साथ अंदर आने देना चाहिए।
आगे की स्लाइड्स में देखें तस्वीरें.....