इंदौर. एमवाय अस्पताल में सोमवार दोपहर एक महिला ने लाइन में लगी दूसरी महिला का मंगलसूत्र लूटने का प्रयास किया। महिला ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद उसने महिला को थाने ले जाकर उसकी शिकायत की।
संयोगितागंज टीआई डीएस बघेल ने बताया शीतल पति सचिन निवासी भागीरथपुरा एमवाय अस्पताल की नई ओपीडी में दवाई लेने गई थी। इस दौरान लाइन में उसके पीछे नजमा पति कमलेश निवासी परदेशीपुरा खड़ी थी। नजमा ने मौका पाकर शीतल के गले से डेढ़ तोला वजनी सोने का मंगलसूत्र लूट लिया और बैग में रख लिया।
शीतल को मंगलसूत्र नहीं होने का आभास हुआ तो उसने नजमा से पूछताछ की। महिला ने नजमा का बैग देखा, जिसमें उसका मंगलसूत्र मिल गया। इसके बाद शीतल ने आरोपी महिला की जमकर पिटाई कर दी। मामला बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। शीतल की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज किया है।