धार/गंधवानी. गंधवानी के जीराबाद में रविवार को एक मां ने जन्म देते ही अपनी बच्ची को खदान में पत्थरों से दबा दिया। लोगों की सूचना पर पुलिस ने। बच्ची को खदान से निकालकर जिला अस्पताल भेजा लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। अ
विवाहिता मां को गिरफ्तार कर उस पर केस दर्ज किया गया है।
जीराबाद चौकी प्रभारी कमलसिंह डाबी ने बताया समीपस्थ रोड़धा की रीना पिछले साल इंदौर मजदूरी करने गई थी। वहां उसके किसी से संबंध बने और वह गर्भवती हो गई। एक-दो दिन पहले ही वह गांव वापस आई थी। रीना की मां उसे रविवार सुबह अस्पताल लाई लेकिन छुट्टी होने से अस्पताल में कोई नहीं मिला। दोनों गांव की ओर पैदल जा रही थी तभी रीना को प्रसव पीड़ा हुई।
उसने पगडंडी पर ही बच्ची को जन्म दिया। लोकलाज के डर से मां-बेटी ने नवजात को खदान में दफन किया और उस पर बड़े पत्थर रख दिए और वहां से चलीं गईं। जंगल में बच्ची की आवाज सुन मवेशी चरा रहे कुछ लड़के आए। बच्ची को देख जीराबाद गए और परिजन को बताया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छानबीन की तो दोनों मां-बेटी जंगल में ही मिल गईं।
जिंदा थी बच्ची, रास्ते में तोड़ा दम : चौकी प्रभारी डाबी ने बताया पूछताछ में दोनों ने बच्ची को पत्थरों में दबाना कबूल लिया। पत्थरों में दबी बच्ची को निकालकर एंबुलेंस से उसकी मां रीना के साथ जिला अस्पताल भेजा। तब तक बच्ची की सांसें चल रही थी लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। गंधवानी थाना प्रभारी उमेशचंद्र तिवारी ने बताया बच्ची की मां पर केस दर्ज कर हिरासत में लिया है।