इंदौर. एक्टर मृणाल दत्त स्टार प्लस पर 7 दिसम्बर से शुरू हुए शो प्रायवेट इन्वेस्टिगेटर में जासूस का किरदार निभा रहे हैं। बुधवार को वे शहर में थे। उन्होंने बताया कि अगर वे सच में इन्वेस्टिगेटर होते तो तीन शख्स उनके सबसे पहले टारगेट होते। पढ़िए क्या कहते हैं मृणाल-
'हमारे प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी इस उम्र में भी इतने फिट, एनर्जेटिक और वाइब्रेंट हैं। पद सम्भालते ही उन्होंने कितना कुछ बदल दिया है। मुझे मौक़ा मिले तो मैं यह जानने की कोशिश करता कि आखिर वे क्या खाते हैं जो उनकी एनर्जी कम ही नहीं होती और वे फिट भी हैं।
मैं उनकी थॉट प्रोसेस समझता कि वे सोचते क्या हैं, किस तरह फैसले लेते हैं। उसी तरह
बराक ओबामा दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश के सर्वोच्च पद पर रहकर दुनिया को कैसे देखते हैं। तीसरे हैं इरफान खान। वे इतने नेचरल एक्टर कैसे हैं। मैं यह देखता कि कैसे वे किरदार ही बन जाते हैं।
किरदार के लिए लीन की मस्क्युलर बॉडी
मृणाल ने इस किरदार को रियलिस्टक बनाने के लिए अपने लेवल पर काफी होमवर्क और रिसर्च की। वे बताते हैं मैंने तक़रीबन 15 जासूसी नॉवेल्स पढ़े। लोगों को ऑब्ज़र्व किया। हर चीज़ के पीछे के "क्यों' को समझने की कोशिश की। शो के डायरेक्टर्स ने जो लिखा है वो तो करना ही है, लेकिन मैं इम्प्रोवाइज़ कर सकूं उसके लिए यह होमवर्क किया। टीवी शोज़ के लिए एक्टर्स बॉडी बनाते हैं लेकिन मुझे मस्क्युलर बॉडी को लीन करना पड़ा।
क्रिकेट जैसा पक्षपात एक्टिंग में नहीं होता
20 की उम्र तक क्रिकेट ही मेरे लिए सबकुछ था। मैं दिल्ली के लिए क्रिकेट खेल चुका हूं। कई बार ऐसा हुआ कि ट्रायल से पहले ही मेरे जैसे कई ग़ैर सिफारिशी प्लेयर्स बाहर हो जाते। दिल टूट गया। फिर कुछ सालों बाद एक्टिंग में इंट्रेस्ट आया और मैंने टीवी के लिए काम शुरू किया। यहां मैंने देखा कि क्रिकेट जैसा पक्षपात एक्टिंग में नहीं होता। यहां सिर्फ हुनर का सिक्का चलता है।