पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

मानवता नगर की तीन मल्टियों का निर्माण तोड़ा, नक्शों में मिली थी गड़बड़ी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
इंदौर. मानवता नगर में ग्राम पंचायत से पास नक्शों में बड़ी गड़बड़ सामने आने के बाद शनिवार को नगर निगम ने तीन बिल्डिंगों पर हथौड़े चलाए। यहां पंचायत से बिल्डरों ने मनमाना एफएआर (फ्लोर एरिया रेशो) लेकर बड़ी मात्रा में अवैध निर्माण कर लिया है। ग्रामीण क्षेत्र के बिल्डिंग इंस्पेक्टर नागेंद्रसिंह भदौरिया ने बताया मानवता नगर में प्लॉट नंबर 209, 210 और 212 में बिल्डर मनीष कुशवाह, आलोक सोसरिया, सुरेश दुधाले ने तीन मल्टियां बना दीं। तीनों का साइज 1500-1500 वर्ग फीट है। सरपंच के हस्ताक्षर से फर्जी नक्शे पास करवा कर 1.3 एफएआर की जगह तीन एफएआर (कुल वर्ग फीट का तिगुना) ले लिया।
यह एफएआर फिलहाल शहर में सिर्फ सुपर कॉरिडोर के लिए निर्धारित है। मौके पर बिल्डरों ने ग्राउंड फ्लोर के अलावा दो मंजिल ऊपर और पेंट हाउस भी बना दिए। निगम अफसरों को जानकारी मिलने के बाद बिल्डर को नोटिस दिया गया। इस पर तीनों जिला कोर्ट चले गए और स्टे ले आए। 10 दिन बाद इस पर निगम ने स्टे हटवाया और शनिवार को अमले के साथ पहुंच गया। उपायुक्त महेंद्रसिंह चौहान, भवन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह जादौन के नेतृत्व में टीम ने सुबह 10.30 से डेढ़ बजे तक कार्रवाई की। फिलहाल जो ज्यादा निर्माण था, वह हटाया है। अफसरों के मुताबिक नक्शा बिचौली ग्राम पंचायत से पास हुआ था। भदौरिया के मुताबिक अभी भी आठ से 10 बिल्डिंग की पड़ताल और की जा रही है।
ये रखें सतर्कता...
शहरी सीमा की कॉलोनियों में फ्लैट लेने से पहले जांच कर लें अफसरों का कहना है शहरी सीमा से लगी कॉलोनियों में पंचायत के नक्शे से इमारतें बन रही हैं। सस्ते फ्लैट के नाम पर बिल्डर औने-पौने दाम पर फ्लैट बेच रहे हैं। ऐसे में जो भी इन क्षेत्रों में फ्लैट खरीद रहे हैं, वे पहले दस्तावेजों की जांच निगम से करवा लें, अन्यथा बाद में उन्हें परेशानी हो सकती है।
मधुमिलन और प्रभु नगर में बगीचे की जमीन खाली करवाई
निगम गैंग ने मधुमिलन चौराहे से लगे हरियाणा ढाबे के पास अवैध निर्माण कर बनाई गई दीवार भी तोड़ी। प्लॉट के चारों ओर पहली मंजिल पर बनी चार फीट ऊंची दीवार हटाने के अलावा प्रभु नगर उद्यान में तीन कमरे तोड़कर 290 वर्ग फीट कब्जा हटाया गया।
(कनाडिया रोड के मानवता नगर में बिल्डिंग का अवैध हिस्सा निगम ने तोड़ा)