पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

मुंबई से टायर आया तब उड़ा एयर इंडिया का विमान, रद्द कर दी थी उड़ान

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
इंदौर. विमानतल पर शुक्रवार रात दिल्ली से आए एयर इंडिया के विमान का टायर खराब हो गया था। इसके चलते मुंबई उड़ान को रद्द कर दिया गया था। शनिवार सुबह एयर इंडिया के मुंबई से आने वाले विमान से दूसरा टायर मंगवाया गया। इसके बाद यह विमान दोपहर करीब डेढ़ बजे यात्रियों को लेकर रवाना हुआ। इस पूरी घटना ने एयरलाइंस की व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि उसके पास विमानों के सामान्य सुधार के साधन भी मौजूद नहीं हैं।
शुक्रवार रात एयर इंडिया के दिल्ली से आए विमान को इंदौर से 126 यात्रियों को लेकर मुंबई जाना था। इसके लिए विमान में सभी यात्री सवार हो गए थे। तकनीकी विशेषज्ञों ने जांच में विमान का एक टायर खराब होने से इसे उड़ने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद मुंबई जाने वाले यात्रियों ने देर रात तक हंगामा किया। एयरपोर्ट डायरेक्टर मनोज चंसोरिया ने बताया कि शनिवार सुबह एयर इंडिया के मुंबई से आने वाले विमान में टायर लाया गया था। इसे लगाकर विमान दोपहर डेढ़ बजे करीब 60 यात्रियों को लेकर मुंबई रवाना हुआ।
पिछले महीने भी खराब हुआ था टायर- 16 अगस्त को भी इसी विमान का दिल्ली से आने के बाद टायर पंक्चर हो गया था। इसके बाद विमान में दूसरा टायर लगाकर करीब डेढ़ घंटा देरी से इसे मुंबई रवाना किया गया था। शनिवार को एयरलाइंस के पास टायर नहीं था, जिसके कारण सुधार नहीं हो पाया।
पूर्व एयरपोर्ट डायरेक्टर आरएन शिंदे ने इसी तरह की परेशानियों को देखते हुए सभी एयरलाइंस को निर्देश दिए थे कि वे अपने पास सामान्य सुधार के साधन जरूर रखें। चंसोरिया ने बताया कि वे एयरलाइंस के साथ होने वाली आगामी बैठक में इस पर चर्चा करेंगे।