पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर. गुरुवार को इंदौर आईं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ममता शर्मा ने कहा कि मप्र में महिलाएं सबसे ज्यादा बलात्कार की शिकार होती हैं। देशभर के आंकड़े देखें तो महिला अत्याचार के मामले में मप्र की स्थिति खराब है। यह चिंता का विषय है और मुख्यमंत्री को खुद संज्ञान लेना चाहिए।
मीडिया से चर्चा में शर्मा ने यह भी कहा कि पिछले साल तो यहां होम मिनिस्टर के बंगले के पीछे ही एक लड़की की हत्या कर दी गई। क्राइम का इससे बड़ा सेंटर पॉइंट क्या हो सकता है? महिला अपराधों में भी सबसे ज्यादा रेप के मामले हैं। जनसुनवाई में आई एक महिला का उदाहरण देते हुए शर्मा ने बताया कि एक हरिजन महिला ने कहा था कि छह बार रेप हो चुका है। पुलिस तक उसकी बात नहीं सुन रही है। पूछा कि कहां की हो, तो वह बोली कि सीएम के गांव की हूं। यह बहुत बड़ी बात है। महिलाओं के प्रति पुलिस का रवैया निराशाजनक है। हम तो पत्र लिखकर थक गए हैं। कई बार दो-दो महीने एफआईआर दर्ज नहीं हो पाती। हालांकि वे यह भी बोलीं कि न आयोग, न केंद्र सरकार और न ही राज्य सरकार चमत्कारिक बदलाव ला सकती है। जागरूकता जरूरी है। पश्चिम बंगाल और उड़ीसा में भी अपराध बढ़े हैं। हरियाणा के सीएम को भी हमने कई बार खाप पंचायत के बारे में लिखा है। कुरीतियां खत्म होना चाहिए।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.