पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

इंदौर से हैदराबाद के लिए 26 अक्टूबर से शुरू होगी नई उड़ान, स्पाइस जेट देगा सुविधा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
इंदौर. इंदौर से हैदराबाद के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। 26 अक्टूबर से इंदौर से हैदराबाद के लिए नई उड़ान शुरू होने जा रही है। इससे यात्रियों को हैदराबाद के लिए एक और विकल्प मिल सकेगा। यह उड़ान स्पाइस जेट एयरलाइंस शुरू करने जा रही है। एयरलाइंस ने अक्टूबर में शुरू हो रहे विंटर शेड्यूल में इंदौर से हैदराबाद के लिए नई उड़ान शुरू करने को लेकर डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) को प्रस्ताव भेजा था। अाधिकारिक सूत्रों के अनुसार हाल ही में डीजीसीए ने इस पर सहमति दे दी है। औपचारिक मंजूरी का पत्र मिलने के बाद एयरलाइंस इसकी बुकिंग भी शुरू कर देगी। यह उड़ान सुबह 8.10 बजे हैदराबाद से इंदौर आकर 8.30 बजे वापस हैदराबाद रवाना होगी।
फिर मुंबई में खराब हुआ जेट का विमान, तीन घंटे देरी से आया
देवी अहिल्या विमानतल से जुड़े विमानों के बिगड़ने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार दोपहर भी जेट एयरवेज का मुंबई से इंदौर आने वाला विमान मुंबई एयरपोर्ट पर खराब हो गया। तय समय से यह तीन घंटे देरी से इंदौर पहुंचा। इस दौरान विमानतल पर मुंबई जाने वाले यात्री परेशान होते रहे।
विमानतल के अनुसार जेट एयरवेज की उड़ान (एस2-4387/4388) शाम 4.05 बजे मुंबई से इंदौर आकर 4.35 बजे वापस मुंबई रवाना होती है। एयरलाइंस अधिकारियों ने बताया विमान में मुंबई विमानतल पर कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके चलते सुधार के बाद यह शाम 7.05 बजे इंदौर आकर 7.35 बजे मुंबई रवाना हुआ।
इस विमान से मुंबई जाने के लिए विमानतल पर 130 से ज्यादा यात्री तय समय पर पहुंच गए थे, जो विमान का इंतजार कर रहे थे। कुछ यात्रियों को एयरलाइंस ने दूसरी उड़ानों में भी एडजस्ट किया।
एयर इंडिया की उड़ानें भी लेट
एयर इंडिया की दोनों उड़ानें भी रविवार को देरी से आईं व गईं। सुबह 7.15 बजे मुंबई से इंदौर आकर 7.50 बजे दिल्ली जाने वाली उड़़ान ऑपरेशनल कारणों से सवा घंटा लेट 8.30 बजे इंदौर आई। वहीं शाम 7.30 बजे दिल्ली से इंदौर आकर 8.05 बजे मुंबई जाने वाली उड़ान भी पौन घंटा लेट 8.15 बजे इंदौर पहुंची।