पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

अब इंदौर में भी होगा राहगीरी, रविवार को विजय नगर से बापट चौराहे पर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
इंदौर. सड़क केवल वाहनों के लिए नहीं है। यह पैदल चलने और साइकिल चलाने वालों की भी है। ऐसा करने से आपका स्वास्थ्य अच्छा होगा और शहर का पर्यावरण भी। इस संदेश के साथ प्रशासन द्वारा प्रत्येक रविवार को राहगीरी शुरू की जा रही है। दैनिक भास्कर इस आयोजन का मीडिया पार्टनर है। 14 दिसंबर को राहगीरी की शुरुआत विजय नगर से बापट चौराहे के बीच की जाएगी। 
 
इस कार्यक्रम में दोनों चौराहे के बीच 1.8 किमी लंबे मार्ग को एक ओर से वाहनों के लिए बंद कर दिया जाएगा। सुबह सात से 10 बजे तक यह सड़क केवल पदयात्री और साइकिल चलाने वालों के लिए रहेगी। प्रशासन करीब 40 साइकिलें फ्री में उपलब्ध कराएगा। लोग अपनी साइकिल और खेल संसाधन ला सकते हैं। नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, पुलिस व अन्य विभाग भी इसमें भागीदारी करेंगे। 
 
25 से ज्यादा गतिविधियां 
यहां साइकिलिंग, योगा, कसरत, एरोबिक्स, गली क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, स्कैटिंग, खो-खो जैसी करीब 25 गतिविधियां की जाएंगी। प्रशासन दो-तीन स्टैंड बनाकर साइकिल देगा।
 
अलग-अलग खेल जोन बनेंगे 
राहगीरी मार्ग पर विविध खेल जोन बनाए जाएंगे। योगा, एरोबिक्स, स्कैटिंग व अन्य प्रमुख गतिविधियों के लिए यहां प्रशिक्षक भी रहेंगे, जो लोगों को गाइड करेंगे। इस तरह का आयोजन भोपाल में भी शुरू हो चुका है।
 
हर हफ्ते अलग-अलग जगह होगा आयोजन 
शहर में राहगीरी की पहल करने वाले कलेक्टर आकाश त्रिपाठी ने कहा कि सभी को स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए अलग-अलग जगह राहगीरी का आयोजन होगा।
 
पार्किंग की रहेगी व्यवस्था
प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस मिलकर पार्किंग के लिए भी जगह उपलब्ध कराएगी, ताकि यहां आने वाले लोगों को असुविधा नहीं हो। राहगीरी आयोजन के लिए नोडल एजेंसी एआईसीटीएसएल को बनाया गया है।
 
इसलिए हो रही है राहगीरी
> लोग साइकिलिंग, वॉकिंग के लिए प्रेरित हों और वाहनों का कम उपयोग करें। 
> लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हों और लाइफ स्टाइल व्यवस्थित रखें। 
> पर्यावरण के प्रति भी संवेदनशील बनें और साफ-सफाई रखें। 
> सामाजिक मेल-मिलाप भी बढ़े। लोग साथ में घूमें-खेलें।