पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पेस-भूपति के नहीं होने से फर्क नहीं पड़ेगा : यूकी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इंदौर. डेविस कप में खेलना हर टेनिस खिलाड़ी का सपना होता है। मुझे इस बात पर गर्व है कि इंदौर में चीनी ताइपे के खिलाफ होने वाले डेविस कप टाई में अपने देश का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं। डेविस कप टाई और पेशेवर टेनिस दोनों का अपना महत्व है।

पेशेवर टेनिस में खिलाड़ी अपने लिए खेलते हैं जबकि डेविस कप में हम देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। यह बड़े गर्व की बात है। चीनी ताइपे के खिलाफ अनुभवी खिलाड़ी लिएंडर पेस और महेश भूपति के टीम में नहीं रहने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। हमारी युवा टीम कमतर नहीं है और हम यहां मुकाबला जीतेंगे।

यह बात भारतीय डेविस कप टीम के सदस्य यूकी भांबरी ने बुधवार को इंदौर टेनिस क्लब में खेल पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही। भारत और चीनी ताइपे के बीच एशिया ओसीनिया ग्रुप-1 का डेविस कप मुकाबला 31 जनवरी से यहां खेला जाएगा। भारतीय टीम में सोमदेव देवबर्मन, रोहन बोपन्ना, यूकी भांबरी और साकेत मेनेनी शामिल हैं।

21 वर्षीय युवा खिलाड़ी यूकी भांबरी ने कहा रोहन बोपन्ना दुनिया के शीर्ष-10 खिलाडिय़ों में शामिल हैं। सोमदेव भी भारत के शीर्ष खिलाड़ी हैं। मैं भी एकल के साथ युगल खेल सकता हूं। चेन्नई ओपन में साकेत ने भी अपनी प्रतिभा साबित की है। इस तरह हम देखें तो हमारी टीम अच्छी है और मुझे नहीं लगता कि इस लेवल पर आकर हमारी टीम को कोई फर्क पड़ेगा।

डेविस कप को यूकी ने अन्य टूर्नामेंट से थोड़ा भिन्न बताया। उन्होंने कहा हम डेविस कप में अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसमें कोर्ट वही है। खेल वही है लेकिन क्राउड देश के लिए हमें सपोर्ट करता है। एक अलग माहौल होता है और यह काफी रोमांचक होता है।

यूकी ने कहा यहां पर मैं अपना एकल मुकाबला जीत गया तो टीम इंडिया को जीतने में आसानी होगी। उन्होंने कहा सोमदेव दोनों सिंगल्स जीत सकते हैं। अब मेरी कोशिश होगी कि अपना मुकाबला जीतकर भारत को जीत दिलाऊं। यूकी ने बुधवार को सोमदेव देवबर्मन के साथ इंदौर टेनिस क्लब में लगभग 3 घंटे जमकर प्रैक्टिस की।

इस दौरान उनके साथ नॉन प्लेइंग कैप्टन आनंद अमृतराज और कोच जीशान अली विशेष तौर पर मौजूद थे। यूकी ने कहा अभ्यास सत्र में मैंने अपने सभी एरियाज कवर किए। इस साल चेन्नई ओपन और फिर ऑस्ट्रेलिया ओपन में मैं अपने प्रदर्शन से संतुष्ट हूं। मैं कोशिश करूंगा कि वही फॉर्म डेविस कप में भी बरकरार रखूं।