पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Pmt 26 Students From Indore Madhya Pradesh

पीएमटी-12 के संदिग्ध छात्रों में 26 इंदौर के, शुक्रवार शाम 5 बजे डीन कार्यालय पहुंचा फैक्स

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इंदौर. 2013 में फर्जी तरीके से पीएमटी पास करने वालों के बाद अब 2012 के संदिग्धों के चेहरे भी साफ हो गए हैं। शुक्रवार शाम को चिकित्सा शिक्षा विभाग ने मेडिकल कॉलेज को ७०१ संदिग्धों की सूची भेजी। इनमें इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज के २६ छात्रों के नाम सामने आए हैं, जिन पर फर्जी तरीके से एडमिशन लेने की आशंका है। इन छात्रों पर कार्रवाई को लेकर कोई स्पष्ट आदेश नहीं है। भोपाल मेडिकल कॉलेज में २३ और ग्वालियर मेडिकल कॉलेज में १० संदिग्ध छात्र बताए जा रहे हैं।

एसटीएफ ने हाईकोर्ट में दिए शपथ पत्र में ही लिखा था कि 2012 तक की जानकारी उनके पास है। 17 जनवरी को शपथ पत्र देने के बाद ही एसटीएफ और चिकित्सा शिक्षा विभाग ने यह सूची मेडिकल कॉलेजों को भेजी। हालांकि इस प्रकिया को गोपनीय रखा गया। शाम को जब डीन कार्यालय में फैक्स आया तो छात्र शाखा से जुड़े कर्मचारी को एमबीबीएस की २०१२ बैच से सूची के मिलान के लिए कहा गया। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार २६ छात्रों की यह सूची शाम को ही भोपाल भेजी गई।


ये हैं इंदौर के संदिग्ध

जिन 26 छात्रों के नाम भोपाल भेजे गए हैं, उनमें से केवल चार ही छात्रों ने फस्र्ट प्रोफ की परीक्षा पास की है। ६ छात्र परीक्षा में बैठे ही नहीं। बचे १६ छात्र फेल हो गए हैं। इंदौर के जिन छात्रों के नाम भोपाल भेजे गए हैं, उनमें अमित कनासे, अनिल डाबर, केतन चौहान, मीनू मालवीय, प्रीति चौहान, पुष्पलता सोलंकी, आसिफ लोहारे, अविनाश गणावा, गौरव सोलंकी, जिनस वाडिया, चैतन्य डाबर, लक्ष्मी चौपड़ा, अनिल आनसे, अंकित गोरे, कुंदन वर्मा, पवन कलासिया, मयंक सिलावट, रिंकी जौहरी, रवींद्र विलावर, राहुल डामर, शिवकन्या रोमाड़े, संजय कानसे, सीताराम शर्मा, सुनील डाबर व दो अन्य बताए जा रहे हैं।


सीधे बाहर किया था छात्रों को
2013 की पीएमटी में फर्जी तरीके से पास होकर एडमिशन लेने वाले छात्रों को सीधे एक लाइन की चिट्ठी लिखकर कॉलेज से बाहर किया गया था। हालांकि बाहर हुए अधिकांश छात्रों ने इस प्रक्रिया को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। २०१२ बैच के छात्रों के संदर्भ में कार्रवाई को लेकर कुछ नहीं कहा गया है। कॉलेज को भेजी गई चिट्ठी में संदिग्धों की पहचान करने की बात लिखी है।