पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर. राजेंद्र नगर, चंदन नगर और एरोड्रम थाना क्षेत्रों में 2-2 नई पुलिस चौकियां खुलने वाली हैं। इन क्षेत्रों में अपराधों की ज्यादा संख्या देखते हुए एसपी पश्चिम ने इसका प्रस्ताव तैयार कर आईजी के पास भेजा है। अब आईजी इसे मंजूरी के लिए भोपाल भेजने की तैयारी में हैंं। एसपी अनिलसिंह कुशवाह ने बताया हमने तीनों थाना क्षेत्रों की मॉनीटरिंग करवाई थी। यहां प्रति वर्ष 1 हजार से 1200 आपराधिक मामले दर्ज होते हैं। इनकी भौगोलिक स्थितियां देखते हुए प्रत्येक थाना क्षेत्र में दो-दो नई चौकियां बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है।
यहां बनेंगी चौकियां
राजेंद्र नगर क्षेत्र में एक चौकी राऊ और दूसरी चोइथराम अस्पताल में बनेगी। चंदन नगर थाना क्षेत्र में एक चौकी द्वारकापुरी और दूसरी जिला अस्पताल परिसर में होगी। इसी तरह एरोड्रम थाना क्षेत्र में एक चौकी गांधी नगर और दूसरी स्कीम नंबर 51 में बनाई जाना प्रस्तावित है। फिलहाल जिन स्थानों को चौकी में तब्दील किया जाना हैं, वहां अभी पुलिस पाइंट या सहायता केंद्र हैं।
अलग से मांगा बल
राजेंद्र नगर की राऊ, चंदननगर की द्वारकापुरी व गांधी नगर की चौकी के लिए एक सब इंस्पेक्टर, एक अस्सिटेंट सब इंस्पेक्टर, 2 हेड कांस्टेबल और 4 से 5 आरक्षक की मांग की गई है। शेष तीन चौकियों के लिए 1 एएसआई, 2 हेड कांस्टेबल और 4 आरक्षक के प्रस्ताव भेजे गए हैं।
राजेंद्र नगर थाना
राऊ चौकी बनने से गांव के रहवासियों को थाने तक आने का 2 किमी का फेरा बचेगा। चोइथराम चौकी से आस-पास की आधा दर्जन कॉलोनियों के साथ मेडिको लीगल केस व एक्सीडेंटल मामलों में चौकी में ही शिकायत दर्ज हो सकेगी।
एरोड्रम थाना
स्कीम नंबर 51 की चौकी से नई कॉलोनियों के रहवासियों को फायदा होगा। गांधी नगर की चौकी से लोगों को पुलिस तक पहुंचने में कम समय लगेगा। संवेदनशील मामलों के नियंत्रण में पुलिस को भी कम समय लगेगा।
चंदन नगर थाना
द्वारकापुरी चौकी बनने से कई स्लम बस्तियों के लोगों को सुविधा होगी। बड़ी वारदातों में पुलिस का इलाके में पहुंचने का समय भी कम होगा। जिला अस्पताल की चौकी से पोस्टमार्टम के मामलों में देरी नहीं होगी और बड़ी घटनाओं में अस्पताल में पुलिस का नियंत्रण होगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.