इंदौर. शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए कलेक्टर ने निगम के तमाम 15 जोनों की कमान गुरुवार को सात एसडीएम को सौंप दी। शुक्रवार से शहर की सफाई एसडीएम की निगरानी में ही होगी। गड़बड़ी पाई गई तो मौके पर ही दरोगा सस्पेंड होंगे। समय पर कचरा नहीं उठा तो कचरा उठाने वाली कंपनी एटूजेड पर कार्रवाई की जाएगी।
हाईकोर्ट के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने शहर की सफाई का जिम्मा अपने हाथों में लिया है। गुरुवार को कलेक्टर आकाश त्रिपाठी, निगम कमिश्नर राकेश सिंह और अपर आयुक्त स्वास्थ्य एसके कथुरिया को साथ लेकर शहर में घूमें।
कई जगह न केवल कचरा बिखरा हुआ मिला बल्कि भरी पेटियों के आस-पास भी कचरा फैला हुआ नजर आया। इसके बाद कलेक्टर ने सफाई व्यवस्था के लिए तमाम एसडीएम को सुबह से अपने-अपने क्षेत्र के जोन में सुबह से रोजाना निरीक्षण करने के आदेश जारी किए।
मौके से वाट्स एप पर कलेक्टर को फोटो भेजेंगे एसडीएम
- मौके पर सफाई ठीक से होने या न होने की तस्वीर निरीक्षण के दौरान ही एसडीएम को वाट्स एप के जरिये कलेक्टर को भेजना होगी।
- कचरे के साथ आवारा पशुओं के घूमने को लेकर भी एसडीएम कलेक्टर को मौके से रिपोर्ट देंगे।
ये है जिला प्रशासन की सफाई व्यवस्था का प्लान
- हर एसडीएम को निगम के दो-दो जोन की जिम्मेदारी।
- कलेक्टर खुद भी सुबह शहर में औचक निरीक्षण कर करेंगे।
- एसडीएम से कहा गया है कि वे सफाई के लिए झाडू लगवाने, कचरा पेटी में ही सफाईकर्मी द्वारा कचरा डाले जाने, और कचरा पेटी एटूजेड कंपनी द्वारा ट्रेंचिंग ग्राउंड पर समय पर ले जाने की प्रक्रिया को सुनिश्चित करवाएंगे।
- निगम के सफाईकर्मियों के हाजरी रजिस्टर भी जांचे जाएंगे, जो गैरहाजिर होगा उसका वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं।
- अभी कलेक्टर ने शहर के 140 प्रमुख स्थलों पर निगम के सफाई कर्मचारी सुबह 11 से शाम 5 बजे तक लगाए हैं, 60 और स्थान चिन्हित कर कर्मचारी लगाए जाएंगे।
शहर में बुरी हालत है, सुधार जरूरी
शहर में आज हमने जो दौरा किया, उससे लग रहा है कि 25 फीसदी स्थानों पर कचरा समय पर नहीं उठ रहा है। कई जगह बुरी हालत है और सुधार बहुत जरूरी है। कचरे पर प्रशासन लगातार नजर रखेगा और औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।- आकाश त्रिपाठी, कलेक्टर
जोनल अफसरों के नाम और नंबर
जोन नंबर अधिकारी नंबर
जोन-1 विवेश जैन 93295-55115 (सिरपुर, चंदन नगर, राज नगर, कालानी नगर, शिक्षक नगर)
जोन-2 नीरजा राजे भट्ट 93298-10100 (राजमोहल्ला, सराफा, कपड़ा मार्केट)
जोन-3 राजेश श्रीवास्तव 93295-55136 (सदर बाजार, जेल रोड, रामबाग, नारायण बाग, स्नेहलतागंज)
जोन-4 सुरेश सिंह चौहान 93295-55195 (संगम नगर, बाणगंगा, वृंदावन कॉलोनी)
जोन- 5 दिवाकर गाड़े 93295-55140 (सुखलिया, परदेशीपुरा, गौरी नगर, खातीपुरा)
जोन-6 मदनलाल सिसोदिया 93295-55189 (मालवा मिल, जनता कॉलोनी, नंदा नगर)
जोन-7 नंदकिशोर मालवीय 93008- 20935 (स्कीम 54, 74, 78, पाटनीपुरा, भमोरी)
जोन-8 अभय राठौर 93295-55216 (विजय नगर, खजराना, रिंग रोड, कृष्णबाग)
जोन-9 शांतिलाल यादव 93019-82900 (रेसकोर्स रोड, पलासिया, डायमंड कालोनी)
जोन- 10 मनोज जैन 93295-55170 (साकेत, ओल्ड पलासिया, तिलक नगर, रवींद्र नगर)
जोन- 11 ए.के. दुबे 93013-22446 (स्टेडियम, छावनी, अग्रवाल नगर)
जोन- 12 पी.आरोलिया 93295-55177 (हरसिद्धि, आड़ा बाजार, नंदलालपुरा, खातीवाला टैंक)
जोन-13 अशोक शर्मा 93295-55172 (बिलावली, राजेंद्र नगर, अन्नपूर्णा)
जोन- 14 प्रतिक चतुर्वेदी 93295-55190 (हवा बंगला, सुदामा नगर, द्वारकापुरी)
जोन- 15 दौलतसिंह गुंडिय़ा 93295-55211 (द्रविड़ नगर, गुमाश्ता नगर, समाजवाद इंदिरा नगर)
ऐसे होगी कार्रवाई
> निरीक्षण के दौरान जिस क्षेत्र में सफाई नहीं हुई उस इलाके के दरोगा को तत्काल सस्पेंड किया जाएगा। > सफाईकर्मी गैर हाजिर मिला तो उसका उस दिन का वेतन काटने की कार्रवाई होगी। > पेटी से बाहर कचरा मिला तो भी उस क्षेत्र के दरोगा को जिम्मेदार मानते हुए कार्रवाई की जाएगी। > समय पर कचरा पेटी खाली नहीं हुई कचरा उठाने वाली कंपनी एटूजेड को नोटिस जारी कर, पैनल्टी लगाई जाएगी।
आगे क्या : हेल्प लाइन कल से
> कचरे के लिए निगम की हेल्पलाइन 20 सितंबर से शुरू होगी। > शहर की हर गली के लिए कर्मचारी की ड्यूटी तय होगी, 4000 कर्मचारियों की गली के हिसाब से जानकारी वेबसाइट पर अगले दो-तीन दिन में अपलोड की जाएगी। रहवासी संघ को साथ में लेंगे।