इंदौर. प्रीपीजी घोटाले की जांच कर रही ग्वालियर एसआईटी ने पिछले दिनों दो दलालों को पकड़ा। उन्होंने व्यापमं के जरिए पीएमटी घोटालों में भी कुछ छात्रों को पास कराए जाने की बात कबूली है। इनमें दो छात्र इंदौर एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बताए जा रहे हैं। एसआईटी उनकी तस्दीक करने में लगी है। ग्वालियर एसआईटी के प्रभारी एएसपी वीरेंद्र जैन की टीम ने पिछले दिनों भिंड के रहने वाले अमित शर्मा और अतुल शर्मा को गिरफ्तार किया था। यह दोनों प्रीपीजी घोटाले में आरोपी हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया वे व्यापमं के ब्रजमोहन नामक बाबू के संपर्क में थे।
उन्होंने पीएमटी में भी कुछ छात्रों को ओएमआर शीट में छेड़छाड़ कर पास करवाया था। इनमें इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले दो छात्र भी शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने रोहित जैन और वीरेंद्र पाटीदार नामक छात्रों के नाम उजागर किए हैं। इनमें रोहित 2011 बैच व वीरेंद्र 2010 बैच का बताया जा रहा है। इनमें एक के पिता राजनीतिक दल से जुड़े हैं। एक छात्र की नौवीं तथा दूसरे की ओबीसी कोटे में फर्स्ट रैंक आने की बात भी आरोपियों ने कही है। इस संबंध में जानकारी लेने के लिए ग्वालियर एसआईटी की टीम इंदौर आने वाली है।