पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

मुल्यांकन कमेटी की बैठक में तय होंगे प्रॉपर्टी के दाम, 20% कम हों दाम: क्रेडाई

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इंदौर. गाइडलाइन में प्रॉपर्टी के भाव तय कर उसे प्रस्तावित करने के लिए जिला मूल्यांकन कमेटी की बैठक मंगलवार शाम साढ़े चार बजे आयोजित की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि 80 फीसदी से अधिक क्षेत्रों में दाम यथास्थिति में रहेंगे, कुछ जगह ही बढ़ाए जाएंगे। वहीं, बैठक से पहले ही आम लोगों ने पंजीयन विभाग के पास आपत्तियां लगाकर दाम कम करने की मांग की है। क्रेडाई का कहना है कि जब पुरानी गाइडलाइन गलत आधार पर बनी थी, तब इन दामों को यथास्थिति में रखना भी आम लोगों के साथ अन्याय है। इसमें 20 फीसदी तक की कमी होना चाहिए।

वर्तमान में लागू गाइडलाइन पर आपत्तियों को सही मानते हुए हाईकोर्ट ने जिला कमेटी को दोबारा सुनवाई कर नए प्रस्ताव महानिरीक्षक पंजीयन को भेजने के निर्देश दिए थे। जिस पर जिला कमेटी ने एक जगह दाम कम करने का प्रस्ताव भी भोपाल भेजा है। क्रेडाई सचिव संदीप श्रीवास्तव का कहना है कि इससे साबित होता है कि बीते साल गाइडलाइन गलत औसत व सर्वे के आधार पर तैयार हुई थी। इसलिए वही दाम रखना समस्या का हल नहीं है, दाम कम करके ही गलती सुधारी जा सकती है।

आईडीए भी दाम बढ़ाने से परेशान- बीते साल इंदौर विकास प्राधिकरण ने भी अपनी कुछ स्कीमों में दाम अधिक होने पर आपत्ति लेकर इसे कम करने की मांग की थी। आईडीए लगातार अपनी स्कीमों में दाम कम करने की मांग कर रहा है, लेकिन इस बार भी कई स्कीमों में दाम बढ़ाने के प्रस्ताव उप मूल्यांकन कमेटी ने भेजे हैं। दाम बढऩे पर आईडीए की स्कीमें मुश्किल में आ सकती हैं।

ये हैं उप मूल्यांकन कमेटी के मुख्य प्रस्ताव

:अमितेष नगर, स्कीम 59 की कुछ टाउनशिप व बहुमंजिला भवनों में 42 फीसदी बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है।
:एबी रोड पर लसूडिय़ा मोरी क्षेत्र में दाम दस गुना तक बढ़ाने का प्रस्ताव। पांच हजार रुपए प्रति वर्गमीटर से पचास हजार रुपए करने पर विचार।

:सुपर कॉरिडोर से जुड़े गांव पालाखेड़ी, लिम्बोदा गारी, टिगरिया बादशाह, सोनगीर व अन्य में 15 फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव।

:शहर के पेरीफेरी वाले गांव निपानिया, पीपल्याकुमार व अन्य में भी 8 से लेकर 15 फीसदी तक की बढ़ोतरी प्रस्तावित।

:विजय नगर, सुखलिया क्षेत्र में कई जगह दामों में दस फीसदी और उससे अधिक की बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है।

:आईडीए की स्कीम 114 पार्ट वन व टू, स्कीम 136, स्कीम 78 और स्कीम 103 में भी दाम बढ़ाने का प्रस्ताव है।

:वार्ड 30 में रविशंकर शुक्ल नगर में एमआईजी सेक्टर के दामों में भी 20 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है।

:एरोड्रम क्षेत्र की कई कॉलोनियों में दस फीसदी से अधिक दाम बढ़ाना प्रस्तावित है।

:विजयनगर, स्कीम 54 व 74, अनुपम नगर, पार्क एवेन्यू, मैकेनिक नगर, सयाजी होटल के पास का क्षेत्र व अन्य जगहों पर भी दामों में 10 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है। सुखलिया क्षेत्र में भी दाम बढ़ाना प्रस्तावित किया गया है।

:सुखनिवास, अहीरखेड़ी व अन्य कई ग्रीन बेल्ट वाले क्षेत्रों में दामों में कमी भी प्रस्तावित है।

...और ये है अफसरों और अन्य लोगों की राय

जरूरी नहीं दाम बढाएं,
॥यदि किसी क्षेत्र में प्रॉपर्टी के भाव बाजार मूल्य से ज्यादा हैं और अव्यावहारिक हैं, तो उन्हें कम किया जा सकता है। राजस्व में काफी कमी आई है। दाम व्यावहारिक रखे जाने के निर्देश हैं।
- दीपाली रस्तोगी, महानिरीक्षक पंजीयन

व्यावहारिक होना चाहिए

॥गाइडलाइन में प्रॉपर्टी के भाव व्यावहारिक ही होने चाहिए। आईडीए की स्कीमों में कई जगह अधिक गाइडलाइन हैं, उन्हें बाजार मूल्य के हिसाब से किया जाना चाहिए।
- संजय दुबे, कमिश्नर

बिना कारण नहीं बढ़ेंगे भाव

॥अधिकारियों को सर्वे कर तथ्यों के आधार पर ही प्रॉपर्टी के भाव प्रस्तावित करने के निर्देश दिए थे। किसी भी क्षेत्र के दाम बिना किसी कारण के कम-ज्यादा नहीं किए जाएंगे।
-आकाश त्रिपाठी, कलेक्टर व अध्यक्ष जिला मूल्यांकन कमेटी

आम लोगों की बात रखी जाएगी

॥बीते कुछ सालों में शहर में प्रॉपर्टी के दाम गाइडलाइन में काफी अधिक तय हो गए हैं। अधिक दाम हुए तो आम लोगों की पहुंच से दूर हो जाएगी प्रॉपर्टी। मैं कमेटी में आम लोगों की बात रखते हुए दामों को व्यावहारिक रखने का प्रस्ताव रखूंगा।
-महेंद्र हार्डिया, सदस्य, जिला मूल्यांकन कमेटी व विधायक

अब दाम बढ़े तो ठप हो जाएंगे बचे-खुचे सौदे

॥इस साल अधिकारी राजस्व लक्ष्य का पचास फीसदी भी हासिल नहीं कर सके, इसी से साबित होता है कि बाजार में क्या हालत है? अब दाम बढ़े तो बचे-खुचे सौदे भी ठप हो जाएंगे और राजस्व जीरो होगा।
-प्रमोद दिवेदी, अध्यक्ष जिला पंजीयक अभिभाषक संघ