इंदौर. जिला मूल्यांकन कमेटी ने इंदौर तहसील के 85 फीसदी क्षेत्रों में रजिस्ट्री के लिए भूखंडों के दामों में बढ़ोतरी नहीं करने का फैसला लिया है। प्रॉपर्टी के दामों की गाइडलाइन 2014-15 के लिए सर्वाधिक 400 फीसदी बढ़ोतरी एबी रोड पर लसूडिय़ा क्षेत्र- निरंजनपुर चौराहे से तलावली चांदा के बीच के हिस्से में प्रस्तावित हुई है। यहां वर्तमान में भाव 5000 रु. प्रति वर्गमीटर को 20 हजार रुपए प्रस्तावित किया गया है।
शहरी कॉलोनी क्षेत्र में अमितेष नगर के सेंचुरी पार्क व उससे लगे क्षेत्र में 42 फीसदी की बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है। दाम में कमी केवल सुखनिवास की खेती की जमीन पर की गई है। इसे तीन करोड़ रुपए प्रति हेक्टेयर से कम कर 1.60 करोड़ रुपए प्रस्तावित किया गया है। अहीरखेड़ी में दाम कम करने के प्रस्ताव को कमेटी ने मंजूरी नहीं दी।
नई गाइडलाइन के लिए कलेक्टर आकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में रेसीडेंसी कोठी पर हुई बैठक में उप पंजीयकों ने एक-एक क्षेत्रों के प्रस्तावित दाम सामने रखे। एबी रोड पर दामों को लेकर लंबी चर्चा हुई। वरिष्ठ उप पंजीयक आरएन शर्मा ने बताया कि एबी रोड पर भाव 1 लाख रुपए प्रति वर्गमीटर है, लेकिन निरंजनपुर चौराहे पर जाकर भाव 5000 रुपए रह जाते हैं।
सर्वे में यहां भाव 40 हजार रुपए तक आए हैं। आखिर में तय किया गया कि निरंजनपुर चौराहे से लसूडिया थाना तक और पंचवटी से तलावली चांदा क्षेत्र तक दाम 20 हजार रुपए प्रति वर्गमीटर किए जाएं। लसूडिया थाना से पंचवटी क्षेत्र तक दाम 15 हजार रुपए प्रति वर्गमीटर प्रस्तावित किए गए। बैठक में विधायक महेंद्र हार्डिया, अपर कलेक्टर आलोक सिंह, आईडीए सीईओ दीपक सिंह, वरिष्ठ जिला पंजीयक यूएस वाजपेयी, जिला पंजीयक ऋतंभरा द्विवेदी उपस्थित थे।