पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

घर में पसर गया मातम, शादी के बाद जहां उठनी थी डोली वहां उठी अर्थी

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इंदौर। बाणगंगा में शादी के बाद उन्हेल लौट रहे बरातियों की बस सांवेर रोड पर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। कुछ बराती जैसे-तैसे बाहर निकले और बड़ी मशक्कत के बाद लोगों को निकालना शुरू किया। 14 साल की एक लड़की सीट में फंस गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इससे खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार में दो बेटियों की रविवार को शादी थी।

उन्हेल निवासी प्रमोद बारिया की शादी बाणेश्वर कुंड क्षेत्र में रहने वाले कृष्णा राठौर की बेटी मोनिका से शनिवार रात हुई। दूल्हा-दुल्हन रीति-रिवाज पूरे करने के लिए रुक गए, जबकि ज्यादातर बरातियों को बस से रात करीब 3.15 बजे रवाना कर दिया गया। बस सांवेर रोड पर दीपमाला ढाबे तक ही पहुंची थी कि ड्राइवर ने लापरवाही से बस डिवाइडर पर चढ़ा दी, इससे बस पलट गई और करीब दस फीट तक घिसटते हुए गई। ड्राइवर भाग गया। बस में लगभग 50 बराती थे।

मेरे ऊपर से चढ़कर निकल जाओ

प्रमोद के चाचा संतोष बारिया का पैर बस में फंस गया तो उन्होंने बरातियों से कहा- वे उनके ऊपर से निकल जाएं। खबर मिलते ही अन्य रिश्तेदार भी वहां पहुंचे। बाणगंगा पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू हुआ। घटना में 14 वर्षीय सोनाली पिता राधेश्याम बारिया की मौके पर ही मौत हो गई।

परिजन ने बताया सोनाली रिश्ते में प्रमोद की बहन लगती थी। हादसे में घायल संतोष के भाई धर्मेंद्र, भानजा सतीश, आठ साल का शुभम, धर्मेंद्र काशीराम, ललिता, ज्योति, मीनू, गगन, पूजा को निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। 15 अन्य को मामूली चोट आई। संतोष के पंजे की हड्डियां चकनाचूर होने पर डॉक्टरों को पंजा काटना पड़ा।

तीन शादियों से था उत्साह- संतोष ने बताया रविवार को प्रमोद की बहन बबीता और चचेरी बहन पूजा की शादी थी। उन्हीं की बरात की अगवानी के लिए परिवार जल्दबाजी में निकला था।