पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर। तेजाजीनगर से राऊ के बीच बायपास पर शुक्रवार को कॉलेज बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। बस पत्थर के टीले से टकराकर रुकी। बस में सवार छह छात्र-छात्राएं घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
राजेंद्रनगर पुलिस के मुताबिक ट्रूबा कॉलेज की बस (एमपी 09-एफए-2662) छात्र-छात्राओं को लेकर कॉलेज से निकली थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बायपास पर बीच में कट नहीं होने से तेजाजीनगर की तरफ मुडऩे के लिए बड़ी गाडिय़ां कुछ दूर जाकर टर्न लेती हैं। इसी कोशिश में दिन में यह बस जैसे ही बायपास से टर्न ले रही थी पीछे से राऊ की तरफ से आ रहे ट्रक (एमपी 09-केडी-8255) ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। इससे बस की पीछे की डिक्की, दरवाजे टूट गए और कुर्सियां निकल गईं।
...तो पलट जाती बस : लोगों ने बताया बस आगे चलते हुए मिट्टी और पत्थर के ढेर से टकराकर रुकी। बस की गति और तेज होती तो वह दो सड़क के बीच के गड्ढे में गिरकर पलट जाती। बस में ठसाठस छात्र-छात्राएं थे। इनमें हेमंत मस्की, अपूर्वा चौधरी, अंकित तांबे को चोट लगने पर भंवरकुआं के निजी अस्पताल भेजा गया। छात्र धीरज देवकर निवासी नंदानगर का सिर फट गया, जबिक भूमि बंसाली व पवन को भी गंभीर चोट आई। तीनों को लसूडिय़ा क्षेत्र के निजी अस्पताल भेजा गया। चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला।
रोज खतरा झेलते हैं : विद्यार्थियों ने बताया वे रोज ऐसा खतरा झेलते हैं। बस मुड़ते समय लापरवाही से हादसा हुआ। बायपास पर तेज गति से ट्रक निकलते हैं और बस मोडऩा खतरनाक हो जाता है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.