पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

प्रदेश के बाहर खरीदी-बिक्री के लिए फॉर्म-49, मोबाइल पर ही आ जाएगा कोड

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
इंदौर. प्रदेश के बाहर माल की खरीदी-बिक्री करने वाले करीब एक लाख व्यापारियों को शासन ने बड़ी राहत देते हुए फॉर्म-49 की सुविधा मोबाइल पर दे दी है। अब व्यापारियों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। व्यापारी अपने मोबाइल से माल परिवहन की जानकारी विभाग के एक नंबर पर भेजेंगे, वहां से उन्हें एसएमएस से एक कोड मिलेगा, जो वह माल का परिवहन कर रहे ट्रक ड्राइवर को दे सकेंगे। ड्राइवर यह कोड दिखाकर चौकी से आ-जा सकेंगे।
वरिष्ठ कर सलाहकार आरएस गोयल ने बताया कि शासन ने इसका नोटिफिकेशन कर दिया है। वाणिज्यिक कर विभाग में इसका ट्रायल भी शुरू हो गया है। संभवत: एक सप्ताह में वित्तमंत्री जयंत मलैया इसे औपचारिक रूप से लाॅन्च करेंगे।
अभी यह होता है
- विभाग में रजिस्टर्ड व्यापारियों को माल का परिवहन प्रदेश के बाहर करने के पहले विभाग की वेबसाइट पर जाकर फॉर्म 49 डाउनलोड करना पड़ता है।
- यह फॉर्म भरकर प्रदेश के बाहर जिससे व्यापार हो रहा है, उसे भेजना पड़ता है। फिर यह फॉर्म माल परिवहन करने वाले ट्रक ड्राइवर को दिया जाता है।
- फॉर्म 49 की चौकियों पर जांच होती थी, कई बार विभाग की सील नहीं होने के कारण फॉर्म को अमान्य करने की भी समस्या आती है।
अब यह होगी सुविधा
-व्यापारी विभाग में अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड कराएगा।

- अपने मोबाइल से वह विभाग के एक नंबर पर एसएमएस कर व्यवसायी का टिन नंबर, कमोडिटी (माल) का कोड, उसकी जानकारी व मात्रा, बिल नंबर व उसकी राशि व बिल दिनांक, प्रदेश में प्रवेश या बाहर जाने की संभावित तारीख की जानकारी भेजेगा।
- व्यापारी को तत्काल विभाग के सर्वर से एसएमएस के जरिए कोड जारी होगा, वह यह कोड माल परिवहन करने वाले ट्रक ड्राइवर को दे देगा। ड्राइवर चौकी पर यह कोड दिखाएगा, वहां कम्प्यूटर पर कोड चेक कर उसे जाने दिया जाएगा।
शासन ने इस सुविधा का नोटिफिकेशन कर दिया है, ट्रायल भी शुरू हो गया है। जल्द इसे लांच किया जाएगा। - अमित राठौर, कमिश्नर वाणिज्यिक कर