पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

कॉपियां देख नाराज छात्र बोले- सही उत्तर, पर 20 में से एक नंबर ही क्यों दिया

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
इंदौर. परीक्षा में कम अंक दिए जाने के बाद मंगलवार को छात्र वैल्यूएशन के लिए यूनिवर्सिटी के तक्षशिला परिसर पहुंचे। एमबीए द्वितीय वर्ष और बीकॉम तीसरे व पांचवें सेमेस्टर के छात्रों को यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सुबह बुलाया था, लेकिन पांच घंटे इंतजार करवाया।
इससे छात्र नाराज हो गए। गुस्सा तब और बढ़ गया जब उन्होंने देखा कि कई कॉपियां ठीक से जांची ही नहीं गई। कुछ प्रश्न ऐसे थे जिनके उत्तरों को नजरअंदाज किया गया। हद तो तब हो गई जब सही उत्तर होने के बावजूद 20 में से एक ही अंक दिया गया।
यूनिवर्सिटी ने एमबीए सेकंड ईयर और बीकॉम के करीब 80 छात्रों को चैलेंजिंग फॉर्म भरने के लिए सुबह 11 बजे बुलाया था, लेकिन प्रबंधन ने उन्हें शाम चार बजे तक मूल्यांकन केंद्र के बाहर इंतजार करवाया। छात्र बोले इतनी अव्यवस्था थी तो सुबह क्यों बुलाया। कॉपियां देखने के बाद उन्होंने आरोप लगाया कि कई प्रश्न ठीक से जांचें नहीं गए।
जानबूझकर अधिक अंक के प्रश्न में कम नंबर दिए गए। परीक्षा नियंत्रक के.एन. चतुर्वेदी का कहना है पूछताछ की जाएगी कि छात्रों को इतना इंतजार क्यों करवाया गया। जहां तक त्रुटियों का प्रश्न है तो वैल्यूएशन इसीलिए कराया जाता है कि गलतियां हैं तो छात्र बता दें।
पूरक परीक्षा फरवरी-मार्च में- यूनिवर्सिटी के वर्ष 2014 की असंस्थागत परीक्षार्थियों की स्नातक स्तर भाग द्वितीय की पूरक परीक्षाएं फरवरी-मार्च में होंगी। कॉलेज में फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 11 फरवरी है। हालांकि विलंब शुल्क के साथ छात्र 17 फरवरी तक आवेदन कर सकेंगे।