इंदौर. अगले माह शहर में होने वाली इन्वेस्टर्स समिट में इंदौर और भोपाल की मॉडल मेट्रो भी दौड़ेगी। शहर में प्रस्तावित मेट्रो के मॉडल को नगरीय प्रशासन विभाग यहां आने वाले निवेशकों को दिखाएगा। इसी आधार पर इस प्रोजेक्ट में निवेश की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। साथ ही आमंत्रित भी किया जाएगा।
भोपाल में विभाग ने इंदौर और भोपाल मेट्रो के प्रस्तावित रूट्स को शहर के प्रमुख इलाकों के साथ दर्शाया है। दरअसल राज्य सरकार की कोशिश है कि पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) के आधार पर 13 हजार करोड़ रुपए के इन प्रोजेक्ट के लिए पूंजी की व्यवस्था हो। नगरीय प्रशासन विकास एवं पर्यावरण विभाग ने इस मॉडल को तैयार करवाने के लिए बाकायदा निजी कंपनी की मदद ली है।
विभाग के ओएसडी कमल नागर के मुताबिक फाइन डेकोरेटर कंपनी को 23 लाख रुपए में इसका ठेका दिया गया है। कंपनी ने भोपाल के प्रोजेक्ट पर 75 फीसदी, जबकि इंदौर के मॉडल का 60 प्रतिशत काम पूरा कर लिया है। नागर के मुताबिक अक्टूबर के पहले सप्ताह में यह मॉडल इंदौर आ जाएगा।
समिट में इस मॉडल के बैक ग्राउंड में आर्किटेक्चर एनिमेशन भी दिखाया जाएगा। एलईडी के माध्यम से मेट्रो की डिटेल और फायदे भी बताए जाएंगे। विभाग का मानना है दोनों शहरों के लिए बने इस अहम प्रोजेक्ट में एक अच्छी पहल की गई है, संभवत: समिट में यह आकर्षण का केंद्र होगा।
शहर के चार कॉरिडोर पर दौड़ती नजर आएगी मेट्रो
इंदौर शहर के लिए प्रारंभिक रूप से जो 85 किमी का ट्रैक फाइनल किया गया है, उसे मॉडल में दिखाया जाएगा। उस पर मेट्रो के रूप में छोटी मॉडल ट्रेन भी चलती नजर आएगी। इसी मॉडल में राजबाड़ा सहित शहर के बड़े स्थानों को भी दिखाया जाएगा, जिससे निवेशकों को पता चल जाएगा कि कौन सा रूट कहां से गुजरेगा।