पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

चार दिन से लापता थी युवती, अस्पताल लेकर पहुंचा युवक और फिर...

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इंदौर। चार दिन से लापता युवती की लाश मंगलवार रात एक युवक एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा। खुद को युवती का पति बताते हुए कहा उसे मिर्गी का दौरा पड़ा था। इसके बाद अस्पताल से भाग निकला। बुधवार को पुलिस परिजन तक पहुंची तो हकीकत सामने आई। पुलिस युवक को ढूंढ रही है।

रात को बदहवास हालत में एक युवक बेसुध युवती को एमवाय लेकर पहुंचा। डॉक्टरों को युवती का नाम रोहिणी और खुद को उसका पति राज ठाकुर निवासी 102 द्वारकापुरी बताया। उसने बताया कि गुमाश्तानगर स्टैंड के पास तबीयत बिगड़ गई थी। वह जिला अस्पताल ले गया, जहां से एमवाय रैफर कर दिया गया।

जांच में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। माना जा रहा है रोहिणी ने जहर खाया था। शव मच्र्युरी में भेजा जा रहा था, इस दौरान राज भाग गया। तलाशने पर नहीं मिला तो चंदननगर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बताए पते पर तलाश की तो इस नाम से कोई व्यक्ति या महिला नहीं मिली।

मायके जाने का कहकर निकली थी

बुधवार को पुलिस छानबीन करते हुए रोहिणी के परिजनों तक पहुंच गई। परिजनों ने बताया कि पति का नाम राज ठाकुर नहीं बल्कि प्रवीण केदारे निवासी नंदलालपुरा है। परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर शव की शिनाख्त की। प्रवीण ने बताया शनिवार शाम रोहिणी मायके जाने का कहकर निकली थी। रविवार को पता चला वह घर नहीं पहुंची। मालवा मिल के पास रहने वाली नानी ने बताया वह शनिवार को उनके पास आई थी। जब उन्होंने पूछा लड़ाई करके आई है तो चली गई।

कहां थी चार दिन?

परिवार को समझ नहीं आ रहा कि रोहिणी को अस्पताल छोडऩे वाला राज ठाकुर कौन था? वह चार दिन से कहां थी? राज ने उसे पत्नी बताकर अस्पताल में इंट्री क्यों करवाई? पुलिस को अस्पताल से राज का फोन नंबर मिला, जो सुबह से बंद है।

वैलेंटाइन-डे पर हुई थी शादी

प्रवीण ने बताया उसकी शादी इस साल 14 फरवरी को हुई थी। शादी के बाद सब ठीक था। वह कुछ दिनों में मायके जाती रहती थी। दोनों में झगड़ा भी नहीं हुआ था। उसे भी राज के बारे में नहीं पता।