पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Teased The Student Beaten By Thugs Grabbed The Collar

गुंडे ने छेड़ा तो छात्रा ने कॉलर पकड़कर पीटा

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
इंदौर. रावजी बाजार क्षेत्र में रविवार रात नशे में उत्पात मचाने वाले गुंडों के एक साथी ने सोमवार को स्कूल जा रही नौवीं की एक छात्रा से छेड़छाड़ की। छात्रा ने भी साहस दिखाकर गुंडे की कॉलर पकड़ ली और तमाचे जड़ दिए।
यह दृश्य देख राहगीर भी रुके और गुंडे को पकड़ने के लिए दौड़ लगा दी। बाद में रिपोर्ट लिखाने के बाद पुलिस ने पुलिस ने गुंडे को ढूंढकर उसका जुलूस निकाला। रविवार को पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की जिसके कारण गुंडे ऐसा दुस्साहस कर पाए।

टीआई सीएस चढ़ार ने बताया घटना भीमगिरी गली की है। यहां रहने वाली 15 वर्षीय नौवीं की छात्रा तीन सहेलियों के साथ स्कूल जाने के लिए बस स्टॉप पर खड़ी थी। तभी इलाके का गुंडा गुलशन पिता प्रेमचंद आडिया (18) वहां आया और छात्रा से छेड़छाड़ करने लगा।
छात्रा ने हिम्मत दिखाकर गुंडे की शर्ट पकड़कर उसे चांटे जड़े तो वह गाली-गलौज करने लगा। राहगीर इकट्ठा हुए तो वह भाग निकला। छात्रा ने घर पहुंचकर भाभी को घटना बताई तो वे उसे लेकर रावजी बाजार थाने गईं। क्षेत्र के रहवासी भी थाने पहुंचे और पुलिस पर गुंडों के खिलाफ सख्ती दिखाने की मांग की।
भैया ने बोला था, छेड़े तो शोर मचाकर चांटे मार देना
साहसी छात्रा से ‘भास्कर’ ने बात की तो उसने बताया बदमाश गुलशन आए दिन उसे बस स्टॉप पर घूरकर छेड़ता था। सहेलियों पर कमेंट्स करता था। एक माह पहले मुझसे छेड़छाड़ की थी, मैंने भाई को बताया तो उन्होंने उसे समझाया था और मुझसे कहा था कि अब छेड़े तो शोर मचाना और चांटे मार देना।
चंद्रभागा पुल से निकाला जुलूस
पुलिस ने गुंडे गुलशन को गिरफ्तार कर चंद्रभागा पुल से थाने तक उसका जुलूस निकाला। इसके अलावा रविवार को सिद्धि विनायक अपार्टमेंट में रहवासियों से मारपीट करने वाले बदमाश रणधीर पिता हेमंत (20) निवासी आलापुरा को भी गिरफ्तार किया है।
इनके साथियों की तलाश है। उल्लेखनीय है कि रविवार को अपार्टमेंट के रहवासियों पर इसी इलाके के गुंडे आदि उर्फ आदित्य, गुलशन उर्फ बाबा और पप्पू यादव ने हथियार लेकर हमला बोला था और एक कार व बाइक फोड़कर लोगों से मारपीट कर भाग गए थे। घटना के बाद विधायक उषा ठाकुर ने सीएसपी शशिकांत चौरसिया और टीआई चढ़ार को गुंडों का जुलूस निकालने के लिए फोन पर कहा था।