इंदौर. सिरपुर में मंगलवार रात एक होटल संचालक की बाइक से आए बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली गर्दन व चेहरे पर लगी। एसपी अनिलसिंह कुशवाह ने बताया सिरपुर तालाब के पास रात करीब 9.15 बजे सुभाष मराठा निवासी रामबलराम नगर अपनी होटल मां अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट पर पत्नी कविता और भानजे सागर के साथ बैठा था। तभी दो युवक बाइक से आए और दुकान के अंदर जाकर खाना पैक कराने की बात कही।
इनमें से एक ने नजदीक से सुभाष को गोली मार दी और भाग गए। इनके दो अन्य साथी अर्जुन काला व गोलू भी बाइक से आए थे। वारदात के बाद वे भी भाग गए। इधर, सुभाष को गंभीर हालत में परिजन व अन्य जिला अस्पताल ले गए, वहां से बाफना अस्पताल भेजा, जहां पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया पत्नी और भांजे के अनुसार गोली कित शर्मा ने चलाई थी और शरद पंडित साथ था। इनका सुभाष से पुराना विवाद था। कुछ दिन पूर्व भी कहासुनी हुई थी। सुभाष ने छह माह पहले ही इलाके में होटल खोली थी। उस पर पुराने आपराधिक मामले दर्ज हैं।