इंदौर. राऊ की एक बैंक में शुक्रवार दोपहर तीन लाख जमा कराने गई महिला के साथ ठगी हो गई। नोट को जमाने के बहाने एक बदमाश ने 52 हजार निकाल लिए। सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। राजेंद्र नगर पुलिस के मुताबिक घटना राऊ में रहने वाली राधा पिता बद्रीलाल सेन के साथ हुई। राधा ने भास्कर को बताया उनका पिछले दिनों पति से तलाक हुआ है। पति द्वारा भरण-पोषण के रूप में उन्हें तीन लाख रुपए दिए गए थे। यह राशि वे बैंक ऑफ इंडिया की राऊ ब्रांच में जमा कराने गई थीं। दोपहर 12.30 बजे वे कैश काउंटर की लेडिज लाइन में लगी थीं।
जैसे ही वे काउंटर पर पहुंचीं उन्होंने बैग से एक-एक हजार के नोटों की तीन गड्डियां निकालीं। पास की जेंट्स लाइन में खड़ा व्यक्ति अचानक पास आया और बोला नोट आपने गलत जमा रखे हैं, लाओ में जमा देता हूं। ऐसा कर उसने दो गड्डियों के रबर तोड़ दिए। रुपए जमाकर उसने वापस दिए और चला गया। राधा ने जब कैशियर को रुपए दिए तो पता चला उसमें 52 हजार
कम हैं।
तीन लोग बिना काम के लगे थे लाइन में
राधा ने बैंक मैनेजर को घटना बताई तब उन्होंने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे। फुटेज से पता चला आरोपी कुल तीन हैं। नोट की गड्डी से रुपए निकालने वाले व्यक्ति की सफेद दाढ़ी थी और वह टोपी लगाए था। उसने गड्डी से रुपए निकालकर पीछे खड़े साथी को दे दिए थे। एक अन्य साथी भी लाइन में था। खबर मिलते ही राजेंद्र नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस धोखाधड़ी का केस दर्ज कर फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान जुटाने की कोशिश कर रही है।