इंदौर. जिम, बगीचे के अलावा लोग खुली सड़क पर भी योगा, कसरत, वॉकिंग कर सकते हैं। सड़क केवल वाहन चालकों के लिए नहीं है। इसी थीम के साथ अब शहर में हर रविवार को सड़क पर राहगीरी डे मनाया जाएगा।
इसका पहला आयोजन प्रशासन रविवार सुबह सात से दस बजे तक विजय नगर से बापट चौराहे के बीच कर रहा है। भास्कर इसमें मीडिया पार्टनर है। आयोजन के दौरान दोनों चौराहों के बीच मेघदूत पार्क की ओर वाली सड़क वाहनों के लिए बंद रहेगी। दूसरी ओर से हल्के वाहन जा सकेंगे।
भारी वाहनों को रेडिसन चौराहे से डायवर्ट कर दिया जाएगा। कलेक्टर ने इस आयोजन में शहर के सभी नागरिकों के आने की अपील की है। राहगीरी डे को फिटनेस फेस्टीवल के रूप में शहर में शुरू किया जा रहा है।
दो-तीन सप्ताह तक यह आयोजन विजय नगर चौराहे पर होगा। इसके बाद शहर के अन्य फोर लेन सड़कों पर आयोजित किया जाएगा। इसमें स्वास्थ्यवर्धक 29 गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सभी गतिविधियां नि:शुल्क हैं। 50 साइकिल भी नि:शुल्क उपलब्ध रहेगी।
यहां रहेगी नि:शुल्क पार्किंग
- विजय नगर आरटीओ परिसर में
- सयाजी चौराहे से भमोरी चौराहे की ओर
- सयाजी चौराहे से स्कीम 54 की ओर
रीडिंग और किड्स जोन भी रहेगा
पढ़ाई के शौकीन लोगों के लिए रीडिंग जोन भी रहेगा, जहां न्यूज पेपर उपलब्ध रहेंगे। इसी तरह किड्स जोन भी होगा, जहां बच्चों के खेलने के संसाधन रहेंगे। तीन हेल्प डेस्क भी बनाए गए हैं।
नींबू पानी, अंकुरित चने मिलेंगे
यहां नींबू पानी व अन्य स्वास्थ्यवर्धक ज्यूस, अंकुरित चने तथा दाल की भी व्यवस्था रहेगी।
मौसम भी ठिठुरन की राह पर...
बारिश के साथ मैसम भी ठिठुरन की राह पर चल पड़ा है। गुरुवार रात और शुक्रवार शाम की तरह ही शनिवार को हुई बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक-दो दिन में बादल छंटते ही सर्दी बढ़ेगी। शनिवार को अधिकतम तापमान 27.5 से घटकर 24.6 पर आ गया। यह सामान्य से दो डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 14.9 से बढ़कर 15. 8 डिग्री पर पहुंच गया, जो सामान्य से छह डिग्री ज्यादा है।
कल्चर एक्टिविटी के लिए भास्कर उपलब्ध करवाएगा मंच
राहगीरी के दौरान सयाजी होटल के सामने दैनिक भास्कर पूरे समय लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध करवाएगा। इस मंच पर लोग कल्चरल प्रोग्राम के साथ मिमिक्री, गायन, डांस के साथ अन्य प्रतिभा दिखा सकेंगे। इसके अलावा मेघदूत गार्डन के सामने राहगीरी को हमेशा के लिए यादों में बसाने के लिए फोटो शूट की व्यवस्था भी की गई है।