इंदौर. कनाड़िया थाना क्षेत्र में बायपास पर बुधवार सुबह एक स्कूल की स्टाफ वैन आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में स्कूल बस में सवार एक महिला कर्मचारी को चोट लगी है। कनाड़िया पुलिस के अनुसार हादसा सुबह 9.30 बजे सहारा सिटी के सामने बायपास पर हुआ। बुधवार को जैन टॉडलर्स की स्कूल वैन (एमपी 09 एफए 4332) का चालक स्टाफ को लेकर तेज रफ्तार में जा रहा था।
अचानक चालक आगे चल रहे ट्रक में जा घुसा। हादसा होते ही चालक तो गाड़ी छोड़कर भाग निकला, वहीं वैन में सवार महिला को सिर व पैर में गंभीर चोट आई है। हादसे के कारण कुछ देर के लिए बायपास पर ट्रैफिक भी बाधित रहा। बाद में कनाड़िया पुलिस ने क्रेन की मदद से वैन को हटाया और थाने ले आई। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।