पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • VC Office Ransacked By Bajrang Dal In Ujjain

बजरंग दल ने की यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़, दहशत देख कुलपति पहुंचे आईसीयू

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उज्जैन. बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने सोमवार शाम विक्रम विवि में जमकर उत्पात मचाया। कश्मीरी छात्रों के समर्थन में दिए कुलपति प्रो. जवाहरलाल कौल के बयान पर आपत्ति लेते हुए लाठियां लेकर विरोध दर्ज कराने पहुंचे कार्यकर्ताओं ने कुलपति कक्ष में पांच मिनट बात की और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में जमकर तोड़फोड़ मचा दी। तोड़फोड़ में कुलपति प्रो. कौल भी बाल-बाल बच गए। दहशत के कारण तबीयत बिगड़ने पर प्रो. कौल को आईसीयू में भर्ती करवाया गया।
कुलपति प्रो. कौल के बयान पर बवाल मचाते हुए सोमवार शाम करीब 4 बजे बजरंग दल के विभाग संयोजक महेश आंजना के नेतृत्व में बजरंग दल और विहिप के करीब 35-40 कार्यकर्ता लाठियां लेकर विरोध दर्ज कराने विश्वविद्यालय पहुंचे।
सभी कार्यकर्ता सीधे कुलपति कक्ष पहुंचे और कुलपति प्रो. कौल से बयान वापस लेने की बात की। मात्र पांच मिनट की बातचीत के बाद ही कार्यकर्ताओं ने कुलपति कक्ष में तोड़फोड़ शुरू कर दी। कार्यकर्ताओं ने कुलपति प्रो. कौल पर भी कागज व अन्य सामान फेंकने की कोशिश की लेकिन कुछ प्रोफेसर्स व कर्मचारियों ने प्रो. कौल को बचा लिया। कार्यकर्ताओं ने कम्प्यूटर, एलसीडी सहित सभी कांच फोड़ दिए।
इसके बाद बाहर आकर पर्दे, टेबल कुर्सियां और घड़ी भी तोड़ दी। दहशत से कुलपति की तबीयत बिगड़ गई। हाई ब्लडप्रेशर और सांस लेने में तकलीफ होने के कारण उन्हें संजीवनी अस्पताल में आईसीयू में भर्ती करवाया गया। घटना के बाद एएसपी पंकज श्रीवास्तव एवं सीएसपी विजय डावर भी विश्वविद्यालय पहुंचे आैर घटना के संबंध में जानकारी ली। देर शाम विश्वविद्यालय प्रशासन ने घटना की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 353, 332, 427, 147, 148 सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया। हालांकि देर रात तक तोड़फोड़ करने वाले किसी भी कार्यकर्ता की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
कुलपति के इस बयान का विरोध
कुलपति प्रो. कौल ने रविवार को बयान दिया था कि विवि में पढ़ने वाले कश्मीरी विद्यार्थियों को उनके मकान मालिक बाढ़ आपदा के चलते कुछ महीनों के लिए किराये में रियायत दें और इस आपदा में सहयोग करते हुए उन्हें तत्काल किराया देने के लिए बाध्य न करें। प्रो. कौल ने कहा था कि सोमवार से कुलपति कार्यालय में बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत राशि व सामग्री जुटाने का कार्य भी शुरू किया जाएगा।
विरोध में आज विश्वविद्यालय बंद
तोड़फोड़ के बाद विवि के सभी प्रोफेसर्स और कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया। विक्रम विवि शिक्षक संघ अध्यक्ष प्रो. एसके मिश्रा ने बताया विवि के प्रोफेसर्स की सुरक्षा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को विश्वविद्यालय बंद रखा जाएगा। इस दौरान अध्ययनशालाओं में कक्षाएं भी नहीं लगाई जाएंगी। सभी प्रोफेसर्स व कर्मचारी सुबह 11 बजे विश्वविद्यालय में एकत्रित होकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
आगे की स्लाइड्स में देखें तस्वीरें.....