इंदौर. विजय नगर क्षेत्र के नामी होटल की महिला मैनेजर को एक वॉट्स एप ग्रुप पर जोड़कर अश्लील एसएमएस, फोटो और वीडियो भेजे गए। मैनेजर ने ग्रुप छोड़ा तो उसे काॅल कर परेशान किया जाने लगा। पुलिस ने जांच के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
वी केयर फॉर यू इंस्पेक्टर सोमा मलिक बागड़ी ने बताया युवती बंगाली चौराहे के पास रहती है। उसके
मोबाइल नंबर को वॉट्स एप पर "भाई-भाई' नामक ग्रुप के एडमिन ने जोड़ लिया। बाद में ग्रुप पर अश्लील वीडियो और फोटो आने लगे। युवती ग्रुप से लेफ्ट होती तो उसे फिर जोड़ लिया जाता।
उसने नंबर ब्लॉक किया तो ग्रुप एडमिन और ग्रुप के दो सदस्य उसे कॉल करने लगे। वह दोस्ती के लिए दबाव बनाते और अश्लील बातें करते। तंग आकर उसने 27 जनवरी को शिकायत कर दी।
शाहरुख खान था ग्रुप एडमिन
टीम ने कॉल डिटेल के आधार पर शनिवार को तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। ग्रुप एडमिन शाहरुख पिता इशाक खान है। साथ में मैसेज करने वालों में उसका भाई समीर और दोस्त राहुल पिता धर्मराज चौहान है। उन्होंने बताया कि युवती का नंबर उन्हें ऐसे ही मिल गया था। पुलिस ने तीनों पर आईटी एक्ट और धमकी की धाराओं में केस दर्ज किया है।
युवती के फोटो फेसबुक पर डाले, फिर धमकाया
एरोड्रम क्षेत्र में रहने वाली युवती को शादी का झांसा देकर युवक ने अश्लील फोटो खींच लिए। बाद में युवक ने फोटो दोस्त को दिए, जिसने उन्हें फेसबुक पर डाल दिया। युवती ने रिपोर्ट की तो उसे जान से मारने की धमकी दी। वी केयर यू प्रभारी सोमा मलिक बागड़ी ने बताया युवती निजी संस्थान में नौकरी करती है।
उसने शनिवार को शिकायत की कि उसकी दोस्ती पास में रहने वाले अनूप दीक्षित से हुई थी। अनूप ने अपने दोस्त को फोटो दिए थे। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि फोटो डालने वाला अनूप का दोस्त धीरज पंडित है। एक दिन युवती को फेसबुक पर आदित्य शुक्ला नामक व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई।
उसे एक्सेप्ट किया तो पता चला कि उसके प्रोफाइल पर युवती के अश्लील फोटो हैं। इस बारे में अनूप से पूछा तो उसने अनभिज्ञता जताई। बाद में शादी से भी इनकार कर दिया। उधर, फेसबुक पर फोटो डालने वाला व्यक्ति कॉल कर परेशान करने लगा। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि फोटो डालने वाला अनूप का दोस्त धीरज पंडित है। एरोड्रम पुलिस ने दोनों पर आईटी एक्ट और छेड़छाड़ की धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
घर वाले बोले- पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती
अनूप की शनिवार को ही लखनपुरा (पचौर तहसील) में शादी हुई। इसे युवती ने रुकवाने की कोशिश की। युवती का कहना है कि अनूप ने उससे मंदिर में शादी कर ली है। जब अनूप के घरवालों को पता चला तो वह युवती को कॉल कर जान से मारने की धमकी देने लगे। उन्होंने कहा हम पुलिस से जुड़े हैं। पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती।