इंदौर. शहर की सड़कों पर आठ दिन पहले दिखे तेंदुए को तलाशने में भोपाल से आया खोजी कुत्ता जैकी भी असफल रहा। नगर निगम के प्रोटोकॉल अफसर के घर से उसने सर्चिंग शुरू की। आंगन में तो उन सभी जगह पर गया जहां तेंदुआ घूमा था, लेकिन उसके बाद तेंदुए की गंध पकड़ नहीं पाया।
प्रोटोकॉल अधिकारी अशोक राठौर के घर से कूदने के बाद तेंदुआ जू की तरफ दौड़ता हुआ दिखा था, लेकिन जैकी उसकी विपरीत दिशा में पहुंच गया। आजाद नगर के हॉकी मैदान से होते हुए वह बस्ती में जा घुसा, जबकि तेंदुआ वहां गया ही नहीं था।
आंगन में हुआ सक्रिय
जैकी को तीन बार राठौर के घर के आंगन में ले जाया गया। तेंदुए ने जहां से कूदने की कोशिश की और जहां से कूदते हुए बाहर गया, उन सभी जगह पर जैकी की हरकत तेज हुई। उसने दीवार पर पंजे भी मारे। एसडीओ (फॉरेस्ट) आरएन सक्सेना के मुताबिक जैकी को तीन दिन तक रेडियो कॉलोनी और आसपास के इलाकों में घुमाया जाएगा।