इंदौर. एक महिला ने विवाद में प्रेमी की पत्नी व उसकी मां पर गर्म तेल फेंक दिया। गंभीर हालत में दोनों को एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया। पुलिस ने प्रेमिका व उसकी मां के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बाणगंगा टीआई वायएस तोमर ने बताया घटना भागीरथपुरा में मंगलवार देर रात करीब एक बजे हुई। यहां रहने वाली सोनू पति श्रवण यादव और उसकी सास गीताबाई पति रामदास यादव पर आरती पति रणवीरसिंह सोलंकी व उसकी मां अनीता ने गर्म तेल फेंक दिया। श्रवण का आरती के साथ प्रेम संबंध है और वह उसी के साथ रह रहा है। मंगलवार रात श्रवण सोनू के घर आया था। उसके जाने के बाद आरती उसे तलाशते हुए सोनू के यहां पहुंची।
बाहर से ही आरती ने आवाज लगाई कि सोनू ने ही श्रवण को छिपा रखा है। आवाज सुन सोनू ने गेट खोला, तभी आरती व उसकी मां ने उस पर गर्म तेल फेंक दिया। सोनू के ठीक पीछे उसकी सास गीताबाई खड़ी थी, तेल उस पर भी गिरा, जिससे वह भी जल गई। दोनों को गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल में भर्ती किया है।
पत्नी का आरोप- पुलिस ने नहीं दिया ध्यान
सोनू ने बताया दो साल से श्रवण आरती के पास रह रहा है। वह दोनों बच्चों से मिलने के लिए घर आया करता है। कुछ दिन पहले भी आरती परिवार के साथ आई थी और विवाद करने लगी थी। उस दौरान परिवार के सदस्य ने चाकू मार दिया था। बाद में थाने में जाकर झूठी शिकायत कर दी थी। पूरे मामले में कई बार थाने पर शिकायत हुई, लेकिन पुलिस ने ध्यान नहीं दिया।
तेजाब फेंकने का आरोप
सोनू का कहना है आरती ने उस पर तेजाब फेंका है। इधर, पुलिस का कहना है घटना के बाद हुए बयान में सोनू ने कहा था कि आरती ने गर्म तेल फेंका है। घटना के बाद मौका-मुआयना किया गया, जिसमें गर्म तेल फेंकने की बात सामने आई है। बावजूद मौके से सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए भेजा जाएगा। बर्न यूनिट इंचार्ज डॉ. सचिन वर्मा का कहना है दोनों महिलाएं जली हैं, लेकिन उन पर क्या फेंका गया है, यह तो पुलिस ही बता सकती है।
आगे की स्लाइड्स में देखें तस्वीरें.....