पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Jabalpur
  • आप भोपाल आइये, सीएम से मिलकर करेंगे कैबिनेट मीटिंग का अनुरोध

आप भोपाल आइये, सीएम से मिलकर करेंगे कैबिनेट मीटिंग का अनुरोध

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जबलपुर. दैनिक भास्कर पत्र समूह के चेयरमैन रमेशचंद्र अग्रवाल ने शुक्रवार को भरोसा दिलाया है कि जबलपुर में कैबिनेट की बैठक कराने के लिये आप एक प्रतिनिधिमंडल लेकर भोपाल आएं, मैं खुद इसके लिये मुख्यमंत्री से अनुरोध करूंगा। मेरा प्रयास होगा कि हर तीन माह में मंत्रिमंडल की एक बैठक यहां हो।
अग्रवाल आज दैनिक भास्कर कार्यालय में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य नागरिकों से चर्चा कर रहे थे। इस मौके पर श्री अग्रवाल ने यह भी कहा कि संस्कारधानी के विकास के लिये जो भी प्रयास उनसे बनेंगे, वो जरूर पूरा करेंगे।

दरअसल हनुवंतिया में क्रूज पर हाल ही में हुई केबिनेट की बैठक से यह मुद्दा उठा था कि करीब दो वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने जबलपुर में मंत्रिमंडल की बैठक कराने का आश्वासन दिया था। इस मुद्दे पर सभी गणमान्य नागरिक खुलकर बोले।
सभी का जबलपुर के प्रति दर्द उभर आया
आज ऐसा मौका था कि जबलपुर के गणमान्य नागरिकों का भी दर्द उभर आया। हमेशा जबलपुर के विकास के वादे और दावे करने वाले भी भास्कर पत्र समूह के चेयरमैन के सामने यह कहने से नहीं कतराए कि जबलपुर सचमुच में काफी पिछड़ा है। बातें हुईं तो कई मुद्दे भी सामने आए। जबलपुर के नर्मदा चिंतक और प्रख्यात चित्रकार-लेखक अमृतलाल वेगड़ और चित्रकार हरी भटनागर को पद्म सम्मान दिलाने की बात भी उठ गई।
जीएसटी, वायु सेवा और विकास के मुद्दे उठे
एक प्रश्न के जवाब में श्री अग्रवाल ने कहा कि जीएसटी हर हाल में लागू होगा, चाहे अप्रैल में हो या फिर अक्टूबर में अथवा 2017 में, इसके लिए लोगों को तैयार रहना चाहिए। इससे मंहगाई भी 5 प्रतिशत बढ़ जाएगी। जबलपुर में वायु सेवा की बात भी उठी, जिस पर बताया गया कि अब बोइंग के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कहा गया कि विकास के नाम पर सिर्फ तोड़फोड़ करना उचित नहीं है। इसके लिये चाहिए कि जहां कभी भी अतिक्रमण हटे, वहां पर तत्काल निर्माण कार्य हो। यह भी जानकारी दी गई कि पिछले 6 माह में शहर की तस्वीर काफी बदल चुकी है। तंग गलियों के इस शहर में चलने के लिये लोगों को चौड़ी सड़कें मिलने लगी हैं। कृषि की योजनाओं पर भी जमकर चर्चा हुई। यह जानकारी दी गई कि नई तकनीक से कृषि आसान हो रही है। चर्चा में जबलपुर के प्रति बैंकों के उपेक्षित रवैए पर चिन्ता व्यक्त की गई।
मिलकर करेंगे प्रयास
संवाद में यह बात उभरकर सामने आई कि अब सब मिलकर जबलपुर के विकास के लिए प्रयास करेंगे। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर भोपाल और दिल्ली में जबलपुर की आवाज बुलंद करेंगे ताकि यहां के विकास के लिए हर मोर्चे पर प्रयास हो सकें।
खबरें और भी हैं...