जबलपुर. एक कच्चे मकान में आग लगने से एक परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई। आग रसोई गैस सिलेंडर में रिसाव होने से लगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाबाटोला निवासी ओमप्रकाश चौधरी के घर शाम के लगभग 5:30 बजे रसोई गैस सिलेंडर में रिसाव होने से आग लग गई। घटना की जानकारी लगते ही निगम का अग्नि शमन दल मौके पर पहुंचा और लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
बताया गया कि जिस घर में आग लगी थी वह बल्ली, खपरैल व बांस से बना हुआ कच्चा मकान था तथा वहीं से एक किराना दुकान का संचालन भी किया जाता था। आग लगने के कारण लगभग डेढ़ लाख रुपए की गृहस्थी के नुकसान का अनुमान है। वहीं इस हादसे में किसी के जख्मी होने की खबर नहीं है। गौरतलब है, कि फायर ब्रिगेड की तत्परता के चलते आग को अगल-बगल के मकानों में फैलने से रोक लिया गया।