सतना/जबलपुर. मैहर विधान सभा उप चुनाव के लिए शनिवार को हुए मतदान में 71.77 फीसदी वोटिंग का अनुमान है। 71.67 प्रतिशत पुरुष और 71.86 फीसदी महिला मतदाताओं ने वोट डाले।
मतदान प्रतिशत के ये आंकड़े शाम 7 बजे की स्थिति में चुनाव कंट्रोल रुम को सेक्टर अफसरों द्वारा मोबाइल से दी गई जानकारी पर आधारित हैं। मतदान प्रतिशत के वास्तविक आंकड़े रिटर्निंग आफिसर को पीठासीन अधिकारियों की डायरी मिलने के बाद ही सुनिश्चित हो पाएंगे। इससे पहले मतदान समाप्त होने की स्थिति में शाम 5 बजे तक विधानसभा क्षेत्र के 291 मतदान केंद्रों में 68 प्रतिशत मतदान हो चुका था। मतगणना 16 फरवरी को यहां जिला मुख्यालय स्थित व्यंकट स्कूल नंबर-वन में होगी। तब तक ईव्हीएम को सुरक्षित रखने के लिए स्ट्रांग रुम भी इसी स्कूल में बनाया गया है। इससे पहले विस क्षेत्र में मतदान की शुरुआत धीमी रही।
सुबह 7 बजे से 9 बजे के बीच महज 11.68 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। वोटिंग के एक घंटे पहले हर पोलिंग सेंटर पर सुबह 6 बजे मॉक पोल कराया गया। समूचे विधानसभा क्षेत्र में आमतौर पर मतदान शांतिपूर्ण रहा।
भाजपा और कांग्रेस में सीधा मुकाबला
मतदान के दौरान मिले रुझानों के मुताबिक मैहर विधानसभा के उपचुनाव में सत्तारुढ़ भाजपा का सीधा मुकाबला प्रमुख प्रतिपक्ष कांग्रेस से माना जा रहा है। दोनों दलों के दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। कांग्रेस से विधायक रह चुके नारायण त्रिपाठी जहां अबकि भाजपा के प्रत्याशी हैं। वहीं इसी विधानसभा सीट के लिए विगत चुनाव में बसपा प्रत्याशी रहे मनीष पटेल इस बार कांग्रेस की टिकट पर किस्मत आजमा रहे हैं। उधर, बसपा से रामपुर बघेलान के विधायक रह चुके रामलखन पटेल जहां इसी दल से चुनावी अखाड़े पर हैं। वहीं भाजपा से बगावत कर रामनिवास उरमलिया ने सपा की टिकट पर ताल ठोंक रखी है। दलीय और गैर दलीय कुल 15 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।