जबलपुर. अपनी मुंहबोली बुआ के पास रहकर पढ़ाई करने वाली 5 साल की मासूम बालिका की तबियत बिगड़ने के बाद मृत्यु हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण जांच में लिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि मासूम बच्ची को होमवर्क गलत करने पर उसकी बुआ ने बेलन से मारा था, उसके बाद उसकी हालत बिगड़ी और देर रात उल्टियां होने से उसकी मौत हो गई। पुलिस मासूम बच्ची को मौत को संदिग्ध मानकर विवेचना में जुटी है।
सूत्रों के अनुसार बीती रात रांझी अस्पताल से थाने में सूचना दी गई कि 5 वर्षीय मानसी मरावी निवासी घुघरा कुण्डम यहां करौंदी में मनीष सेन के मकान में रहने वाली अपनी बुआ देववती उर्फ किरण के पास रहकर पढ़ाई करती थी। वह केजी कक्षा में पढ़ती थी। उसे उल्टियां होने के कारण भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मृत्यु हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस को बताया गया कि रात्रि में बच्ची को उसकी बुआ पढ़ा रही थी, पढ़ाई के दौरान उसने मानसी को जो होमवर्क दिया था, वह सही न करने पर बुआ ने अपनी भतीजी से नाराज होकर उसे बेलन मारा था। उसके बाद उसने मानसी को जबरन खाना खिलाया था।
खाना खाने के बाद मानसी कुछ देर लेटी रही और फिर उठकर निस्तार के लिए जाने लगी, तभी उसे उल्टी हुई और वो बेहोश होकर गिर गई थी। उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण जांच में लिया है।
पीएम रिपोर्ट में होगा खुलासा
मासूम बालिका की मौत किस कारण से हुई है, इसका खुलासा पीएम रिपोर्ट आने पर ही हो सकेगा। अस्पताल की सूचना पर मर्ग कायम कर प्रकरण जांच में लिया गया है।
संंजय शर्मा, टीआई