पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Aarohi Murder By Mother In Court Jabalpur

मां से मौत मिलने के बाद शव पहुंचा घर, पिता ने सीने से लगाकर किया विदा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(आरोही के अवशेषों को ले जाते परिजन।)
जबलपुर. बहुचर्चित आरोही हत्याकांड की जांच के सिलसिले में पुलिस ने आरोपी मां रितु को अदालत में पेश करने के पूर्व सुबह उसका क्लीनिकल परीक्षण कराया और डीएन टेस्ट के लिए उसके ब्लड का नमूना लिया गया। उसी दौरान पुलिस ने रितु के पति सुशील को भी बुलाया और दोनों के ब्लड के नमूने लिए जाने के बाद डीएनए टेस्ट के लिए सागर भेजे हैं। सुबह से आहूजा परिवार में खामोशी छाई रही। दोपहर बाद आरोही के शव के अवशेष परिजनों को सौंपे गये।
आरोही का अवशेष घर पहुंचने पर सभी ने अंतिम दर्शन किए और उसके उपरांत करियापाथर शमशान ले जाकर अंतिम संस्कार की रस्म की गयी। उधर इस घटना को लेकर आक्रोशित लोगों की भीड़ थाने में जमा हो गयी। यही स्थिति अस्पताल में होने के कारण पुलिस को आरोपी की सुरक्षा के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोही हत्याकांड का खुलासा होने के बाद हिरासत में ली गई आरोपी रितु आहूजा से महिला पुलिस ने सघन पूछताछ की। इस दौरान उससे घटना के ठोस कारणों का पता लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन रितु ने अपनी जुबान नहीं खोली और लगातार गुमसुम रही।
जानकारों के अनुसार करीब सौ पेज की केस फाइल में कुछ सवाल ऐसे हैं जिनमें रितु से पूछताछ जरूरी है। पिछली सुबह से पुलिस हिरासत में ली गयी रितु से मिलने के लिए परिजन थाने पहुंचे। जानकारों के अनुसार थाने में रितु के पति सुशील आहूजा, जेठ प्रकाश, सास व उसकी मां ने उससे बातचीत की, लेकिन रितु चुप्पी साधे हुए थी।
गुस्साई महिला वकीलों ने रितु के चेहरे पर पोती कालिख
6 माह की मासूम आरोही की हत्या करने वाली मां रितु आहूजा के चेहरे पर गुस्साई महिला वकीलों ने बुधवार को कालिख पोत दी। पेशी को लेकर भले ही पुलिस ने काफी सख्त पहरा लगाया था, लेकिन फिर भी वकीलों ने अपने गुस्से का इजहार कर ही दिया। 22 मिनट तक चले हंगामे के बाद सीजेएम अरविन्द रघुवंशी की कोर्ट ने आरोपी मां को 15 दिनों के लिए जेल भेज दिया।
सिविल लाइन इलाके से 7 सितंबर को लापता हुई 6 माह की आरोही की हत्या का खुलासा गत बीते मंगलवार को पुलिस ने किया था। बच्ची की कातिल उसकी ही मां निकली थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी रितु को कोर्ट में पेश करना था और इसकी खबर मिलते ही बड़ी संख्या में अपने गुस्से का इजहार करने के लिए वकील सीजेएम कोर्ट के पास एकत्रित हो गए थे। वकीलों के गुस्से को देखते हुए पुलिस ने जिला न्यायालय परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया था, उसके बाद भी पुलिस महिला वकीलों को अपने गुस्सा का इजहार करने से रोक न पाई।
2 बजे से हो रहा था इंतजार: दरअसल, किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसको कोर्ट में पेश करना जरूरी होता है। आम तौर पर आरोपियों को दोपहर बाद कोर्ट में पुलिस पेश करती है। इसके चलते बड़ी संख्या में महिला और पुरुष वकील अपने विरोध का इजहार करने दोपहर 2 बजे से ही सीजेएम कोर्ट के बाहर जमा हो गए थे। कुछ महिला वकील तो शाम को कोर्ट के अंदर पहुंच गईं थीं।
पुलिस ने किया छकाने का प्रयास: वकीलों के गुस्से को देखते हुए पुलिस ने कई बार पेशी के टाइम में फेरबदल किया। पुलिस ने वकीलों को चकमा देने का प्रयास भी किया, लेकिन गुस्साए वकील पुलिस के झांसे में नहीं आए। आखिरकार, शाम को 6.20 बजे पुलिस ने आनन-फानन में रितु आहूजा को कोर्ट में पेश कर दिया।
कोर्ट में घुसते ही पोती कालिख: जैसे ही पुलिस आरोपी मां को सीजेएम कोर्ट के अंदर लेकर घुसी, वहां पर मौजूद अधिवक्ता नीलम दत्त हाथों में स्याही लेकर उसकी ओर दौड़ीं। हालांकि, पुलिस ने आरोपी रितु को बचाने की भरसक कोशिश की, फिर भी उसके चेहरे पर कालिख पुत ही गई। स्याही के दाग सीएसपी और टीआई की वर्दी में भी लग गए थे।
सीधे ले जाया गया चैम्बर में: बड़ी संख्या में कोर्ट में मौजूद वकीलों की नाराजगी चरम पर थी। उनके गुस्से और संभावित मारपीट की आशंका को देखते हुए आरोपी रितु को पुलिस सीधे जज के चेम्बर में ले गई। इस पर वकीलों द्वारा किए गए विरोध के बाद आरोपी को चैम्बर से बाहर निकाला गया।
हटवाई पुलिस, उतरवाया नकाब: आरोपी रितु को चेम्बर में भेजने के बाद सीएसपी अजीम खान और सिविल लाइन टीआई प्रफुल्ल श्रीवास्तव कुछ पुलिस वालों के साथ आसंदी के पास ही खड़े हो गए। इस पर वकीलों के एतराज पर वे नीचे उतरे। फिर वकीलों के कहने पर रितु को चैम्बर से बाहर बुलवाकर उसका नकाब भी उतरवाया गया।
22 मिनट तक कोर्ट में रही रितु: पुलिस द्वारा पेश किए जाने के बाद आरोही की मां रितु 22 मिनट तक कोर्ट में रही। उसको मुख्य द्वार से ही बाहर ले जाने के लिए पुलिस ने दो बार कोशिश भी की, लेकिन वकीलों के गुस्से को देखते हुए ऐसा न हो सका। 6.42 बजे फुर्ती दिखाते हुए रितु को पुलिस सीधे पिछले दरवाजे से लेकर चली गई। हालांकि, तब कुछ वकीलों ने फिर से विरोध करने की कोशिश की, लेकिन इस बार वे नाकाम रहे।
गिरफ्तार होने के बाद से भोजन नहीं किया : सूत्रों के अनुसार पिछली सुबह पुलिस हिरासत में आने के बाद से रितु ने कुछ भी नहीं खाया। उसे रात में थाने में भोजन दिया गया, लेकिन उसने खाने से इनकार कर दिया और सिर्फ चाय पी, आज भी पूरे दिन वह भूखी रही।
आरोपी मां से फिर हुई पूछताछ : सूत्रों के अनुसार अपनी बेटी की हत्या का जुर्म कबूल करने के बाद पुलिस हिरासत में ली गयी आरोपी मां रितु से रात में फिर से पूछताछ की गयी और घटना की ठोस वजह पता लगाने का प्रयास किया गया। इस दौरान रितु ने पुलिस को ऐसी कोई जानकारी नहीं दी, जिससे मामले में कोई नया मोड़ आ सके।
आगे की स्लाइड्स में देखें तस्वीरें.....