पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

बेगुनाह को बना दिया बमकांड का आरोपी, कार्रवाई के विरोध में घेरा थाना

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जबलपुर. हनुमानताल पुलिस द्वारा एक युवक को बमकांड के आरोप में पकड़े जाने के बाद थाने में जमकर हंगामा हुआ। क्षेत्रीय लोगों ने थाने का घेराव प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना था कि पुलिस बमकांड में बेगुनाह को फंसा रही है।
उनका कहना था कि जो युवक अपने पैरों पर ठीक से खड़ा नहीं हो सकता उसे पुलिस ने आरोपी बना दिया है। क्षेत्रीय लोग थानेदार को हटाने की मांग कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने उन्हे निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया, उसके बाद हंगामा शांत हुआ।
इस संबंध में बताया गया कि पुलिस द्वारा टेढ़ी नीम निवासी शरीफ उर्फ गुड्डू को पकड़कर थाने लाया गया था। परिजनों को जानकारी मिली तो वे थाने पहुंचे तो उन्हें बताया गया िक वह बमकांड का आरोपी है। इस बात की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और थाने में हंगामा शुरू हो गया।
उनका कहना था कि पुलिस ने जिस युवक को पकड़ा है, वह कुछ दिनों पूर्व आग से 90 प्रतिशत झुलस गया था और अब ठीक से खड़ा भी नहीं हो पाता, उस बेगुनाह को पुलिस आरोपी बता रही है।
उन्होंने मामले की जांच कर दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जानकारी मिलने पर अधिकारियों ने निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया, उसके बाद मामला शांत हुआ। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता रमेश चौधरी, बृज यादव, अफजल मंसूरी, गुलाम रसूल, महमूद अंसारी, शमा बानो, राबिया बानो, शबाना हुसैन गुड़िया अनवरी आदि उपस्थित थे।