जबलपुर. शादी-विवाह के सीजन में शहर में बाहर से आने वाले चोर गिरोह के अलावा स्थानीय चोर सक्रिय हो जाते हैं, जो कि किसी भी समारोह में बेधड़क प्रवेश कर करामात दिखाकर कुछ ही देर में चंपत हो जाते हैं। ओमती थाना क्षेत्र में बराट रोड स्थित एक बारातघर में पिछली रात्रि एक विवाह समारोह से इस गिरोह ने वधू पक्ष का बैग पार कर दिया। बैग में करीब दो लाख के जेवर व नकदी रखी थी।
इस घटना की सूचना ओमती पुलिस को दी जाने पर माामले को जांच में लिया गया, लेकिन बारातघर में सीसीटीवी कैमरा न होने से पुलिस ने हाथ खड़े कर दिए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चेरीताल निवासी एसके तिवारी की बेटी के विवाह समारोह का आयोजन बराट रोड स्थित बारातघर प्रीत लान में था। रात्रि 8 बजे के करीब बिलहरी से बारात आई और बारात आने से पहले ही अज्ञात चोरों ने बारातघर के हाल में बैठी लड़की की मां रेखा तिवारी का पर्स पार कर दिया।
पलक झपकते ही पर्स गायब होने की जानकारी लगने पर चारों तरफ खोज शुरू हुई, लेकिन पर्स नहीं मिला। इस घटना की सूचना दिए जाने के बाद करीब साढ़े दस बजे पुलिस टीम जांच के लिए पहुंची, तब तक समारोह स्थल की भीड़ छंट चुकी थी। पुलिस टीम ने बारातघर के आसपास सघन जांच की और उस दौरान काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस अधिकारियों का कहना था कि बारातघर में सुरक्षा के इंतजाम न होने के कारण यह घटना हुई है, अगर हॉल में सीसीटीवी कैमरा लगा होता तो चोर को पकडऩे में आसानी होती।
बैग चोरी करते पकड़े गए किशोर- गोरखपुर थाना क्षेत्र स्थित गुरुद्वारा में आयोजित विवाह समारोह के दौरान दिन-दहाड़े उपहार राशि से भरा बैग लेकर भागे दो किशोरों को पकड़ कर लोगों ने पुलिस के हवाले किया। उनके साथ दो महिलाएं भी थीं, जो भागने में कामयाब हो गईं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुद्वारा में आनंद नगर निवासी महिंदर सिंग सैनी की बेटी के विवाह समारोह का आयोजन चल रहा था।
वहां पर उनके रिश्तेदारों व मेहमानों द्वारा उपहार स्वरूप जो लिफाफे उन्हें दिए गये थे, एक बैग में रखे थे। इस बैग पर चोरों की नजर थी। बैग से घ्यान हटते ही दो बच्चे बैग लेकर बाहर की ओर भागे, जिन पर लोगों की नजर पड़ी और उन्हें पकड़ लिया गया। इस दौरान उन्होंने कुछ दूरी पर खड़ी महिलाओं को इशारा किया तो वे वहां से भाग निकलीं। पकड़े गये दोनों किशोर चोरों को पुलिस के हवाले किया गया। उधर पुलिस का कहना था कि मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं करायी गई है।