जबलपुर| शहर में एटीएम धारकों से ठगी करने वाला गिरोह कुछ दिन शांत रहने के बाद फिर सक्रिय हो जाता है। उक्त गिरोह के एक सदस्य ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए एक व्यक्ति के एटीएम से 78 हजार रुपए उड़ा दिए। एटीएम से रुपए निकाले जाने की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने बैंक में संपर्क किया ओर ठगी उजागर होने पर ओमती थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करायी।
पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रिज रोड टीटीसी कॉलोनी निवासी राकेश मुदलियार ने थाने में शिकायत दर्ज करायी कि 23 सितम्बर को उनके
मोबाइल पर 9507505848 नंबर से एक कॉल आया।
कॉल करने वाले ने अपने को बैंक का मैनेजर बताते हुए उनसे कहा कि आपका एटीएम कार्ड बहुत पुराना है और वैरिफिकेशन के लिए आपका कार्ड ब्लैंक करना पड़ेगा। उसके बाद उसने एटीएम नंबर मांगा फिर एक नंबर दिया और कहा कि इस नंबर में अपना एटीएम कोड जोड़ दें तो उन्हें नया एटीएम पिन दे देंगे। उसके बाद जालसाज ने मेरे सिविल लाइन स्थित एक बैंक अकाउंट से 78 हजार 4 सौ रुपए निकाल लिये। पीड़ित ने मामला दर्ज कर जालसाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।