जबलपुर. लार्डगंज थाना क्षेत्र स्थित निवाड़गंज इलाके में रहने वाली युवती ने प्रेमी के शादी से इनकार करने पर जहर खा लिया। गंभीर दशा में युवती को निजी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
अस्पताल की सूचना पर लार्डगंज पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। लार्डगंज पुलिस ने बताया कि नेशनल अस्पताल से बुधवार की रात तहरीर मिली थी कि निवाड़गंज निवासी एक 18 वर्षीय युवती जहरीली वस्तु का सेवन करने की वजह से भर्ती की गर्ई है।
सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद बताया कि वह एक प्रतिष्ठित शोरूम में काम करती है, जहां उसके साथ काम करने वाले संताेष नाम के युवक से युवती का अफेयर चल रहा था, लेकिन संतोष ने दो दिन पूर्व युवती से शादी करने से इनकार कर दिया था, इसी वजह से युवती ने जहर खाया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल युवती के लगातार बेहोश रहने के कारण उसके बयान नहीं िलये जा सके हैं, युवती के होश में आने के बाद ही वास्तविकता का पता चल सकेगा।