कटनी/जबलपुर. जबलपुर और रीवा के परिवारों के बीच हुई शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब जबलपुर से रीवा लौट रही बारात की कार का भीषण एक्सीडेंट हो गया। घटना में दूल्हा-दुल्हन सहित कुल चार लोगों की मौत हो गई। एक की हालत गंभीर है। घटना उस वक्त हुई जब
मारुति स्विफ्ट कार नेशनल हाईवे-7 पर अमदरा थाना अंतर्गत घुनवारा के समीप मैजिक वाहन को बचाने की कोशिश में ट्रक से जा टकराई। कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसा बुधवार शाम लगभग 4 बजे हुआ। हादसे में मृत लोगों में दूल्हा लाल गुप्ता पुत्र प्रदीप गुप्ता उम्र 24 वर्ष, दुल्हन संवेदना गुप्ता 22 वर्ष, दूल्हे का बड़ा भाई राम गुप्ता 26 तथा उस वक्त कार चला रहे चाचा कमल गुप्ता 45 वर्ष निवासी रीवा शामिल हैं । राम की पत्नी मयंका 24 वर्ष की हालत नाजुक है और उसे जबलपुर रेफर किया गया है।
ओवर टेक के चक्कर में हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ओवरटेक करने के चक्कर में इतना गंभीर हादसा हुआ। मैजिक को ओवर टेक कर रही कार जब आगे नहीं निकल पाई तो सामने से तेज रफ्तार आ रहे ट्रक से भिड़ गई।
मंगलवार रात हुई थी शादी
सेंट्रल बैंक की जे पी शाखा के मैनेजर प्रदीप गुप्ता ओमर के छोटे पुत्र लाल गुप्ता की शादी मंगलवार को जबलपुर में पदस्थ बिजली कम्पनी के चीफ इंजीनियर दिनेश गुप्ता निवासी नेशनल कॉलोनी रामपुर जबलपुर की पुत्री संवेदना के साथ हुई थी। शादी समारोह जबलपुर के समदड़िया होटल में मंगलवार रात था। अमदरा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतकों का मैहर हॉस्पिटल में पीएम हुआ। उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।
दूल्हा उसका भाई और चाचा इंजीनियर थे
दूल्हा लाल गुप्ता बतौर इंजीनियर मुंबई में कार्यरत था जबकि उसका बड़ा भाई राम भी महाराष्ट्र इलेक्ट्रिकसिटी बोर्ड में इंजीनियर था। कार चला रहे कमल गुप्ता भी बिजली कम्पनी में इंजीनियर थे और रीवा में ही पदस्थ थे। इस हादसे में तीनों इंजीनियरों की मौत हो गई।
सदमे में पिता बेहोश- घटना की जानकारी मिलते ही संवेदना के पिता दिनेश गुप्ता, मां मृदुला, बहन मोनिका व रिश्तेदार तत्काल घटना स्थल के लिए रवाना हो गए। घटना स्थल पर पहुंचकर जैसे ही पिता ने अपनी बेटी को मृत देखा, वे सदमे में बेहोश हो गए। उनकी हालत बिगड़ती देख उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
मातम में बदलीं खुशियां - पावर जनरेटिंग कंपनी में डिवीजनल इंजीनियर दिनेश गुप्ता के नेशनल काॅलोनी रामपुर स्थित घर पर रिश्तेदारों के बीच बैठकर परिजन बेटी की विदाई के बाद बेहद खुश थे, लेकिन कुछ ही घंटों में यह खुशी मातम में बदल गई। गुप्ता परिवार को जब इस बात की खबर मिली कि उन्होंने जिस बेटी की विदा किया था, उसकी सड़क हादसे में मौत हो गई। यह खबर मिलते ही पूरा परिवार मातम में डूब गया। परिजनों का रुदन सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और क्षेत्र में सन्नाटे का माहौल बन गया।
आगे की स्लाइड्स में देखें photos.....