जबलपुर. गोरखपुर थाना क्षेत्र स्थित शक्ति नगर के पास रहने वाले एक शिक्षक दम्पति के मासूम बच्चों के घर से लापता होने की सूचना थाने में दर्ज कराई गई। करीब 5 घंटे बाद बच्चे घर से कुछ दूरी पर बरामद किए गए। बरामद बच्चों ने बताया कि उन्हें कोई उठा ले गया था। इस जानकारी के बाद सनसनी मच गई और पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच शुरू की।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दोपहर को थाने पहुंचे शिक्षक दम्पति राजेश वर्मा, पत्नी सविता वर्मा ने बताया कि वे क्राइस्टचर्च में स्कूल में शिक्षक हैं। रोजाना की तरह वे स्कूल गये थे और घर पर पिता सीआर वर्मा, मां शीतल और बेटा 10 वर्षीय राज आर्यन व बेटी 4 वर्ष आर्या थे, दोपहर साढ़े 11 बजे के करीब वे घर से बाहर खेलने निकले थे।
दोपहर ढाई बजे के करीब जब वे स्कूल से घर लौटे तो पता चला कि बच्चे घर पर नहीं हैं। उनकी तलाश करने पर कोई सुराग नहीं मिला। थाने में सूचना देने के बाद परिजन व पुलिस ने बच्चों की तलाश शुरू की।
शाम 5 बजे के करीब दोनों लापता बच्चे शक्ति नगर स्थित पानी की टंकी के पास मिले। पूछताछ में बालक राज आर्यन ने पुलिस को बताया कि उसे व उसकी बहन को कोई अपने साथ जबरन ले गया था। बालक के इस खुलासे के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।