जबलपुर। शहपुरा से तीन किलोमीटर दूर ग्राम घुंसौर के पास बरगी बांध की एक सब माइनर नहर के फूटने से लोगों के घरों में पानी घुस गया । यही नहीं अनेक खेत जल मग्न हो गए और फसलें चौपट हो गई। नहर फूटने की जानकारी नहर अधिकारियों को दी गई, लेकिन किसी ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। लोगों को पिछले तीन दिन से अपने घरों को छोड़कर दूसरी जगहों पर रहना पड़ रहा है। लोगों के घरों में कम से कम दो-दो फुट तक पानी भरा हुआ है ।
इस मामले में पीड़ित लोगों का कहना है िक अचानक नहर फूटने के बाद से नहर के किनारे वर्षों से रह रहे लोगों के घरों में पानी भरना शुरू हुआ तो उन्होंने बरगी बांध के नहर डिवीजन को जानकारी दी। उन्हें उम्मीद थी िक अधिकारी उनको राहत दिलायेंगे और नहर से लगातार आ रहे पानी को बंद करने मरम्मत करायेंगे। यह तो नहीं हुआ और इससे उनकी मुसीबत और बढ़ गई।
खाने का सामान भी नष्ट
शहपुरा संवाददाता के अनुसार नहर फूटने से परेशान मुन्नी बाई, इमरती बाई, लच्छो बाई, गुलाब प्रजापति का कहना है िक उनके घरों में पानी भरने से उनके खाने-पीने का सामान नष्ट हो गया है। इसके अलावा लोगों के खेत की फसल भी तबाह हो गई है। इसके बाद भी उनको राहत देने के लिए कोई अधिकारी यहां नहीं पहुृंचा है। नहर डिवीजन के अधिकारियों से इस मामले में सम्पर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन सभी ने नहर फूटने की जानकारी होने से अनभिज्ञता प्रगट की है।