जबलपुर. चुनाव में व्यक्तिगत संपर्क के दौरान नया जबलपुर देखने को मिला, जिसमें व्यापार की असीम संभावनाएं हैं। इस शहर में विकास का सारा वातावरण उपलब्ध है। हमने सुनियोजित विकास का सारा खाका तैयार कर लिया है, बस आपकी मुहर का इंतजार है। यह बात आज महाकोशल चेम्बर ऑफ काॅमर्स एण्ड इंडस्ट्री के चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रवीन्द्र वाजपेयी ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही।
श्री वाजपेयी और उनकी पैनल ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि दिशाहीन सोच और नेतृत्व सही न मिलने के कारण जबलपुर आज अन्य शहरों से पिछड़ गया है। चेम्बर का दायित्व है अच्छी भूमिका का निर्वहन करे। चेम्बर के पदाधिकारी जो आरोप लगा रहे हैं कि उन्हें पर्याप्त समय काम करने के लिये नहीं मिला, आप ही बताइये साढ़े 4 वर्ष का कार्यकाल क्या कम होता है।
उन्होंने बेहतर काम नहीं किया, जिसकी वजह से आज हमें मैदान में उतरना पड़ा। चेम्बर की स्थिति यह है कि आज मतदाता सूची तक नहीं है, उनके नंबर नहीं है, सदस्यों के बीच संवादहीनता है। हमें अगर मौका मिलता है तो हम सुखद परिणाम देने का बीड़ा उठाते हैं। चेम्बर कार्यालय को हाईटेक करेंगे। ब्राॅडगेज योजना को समय पर पूरा कराने का प्रयास करेंगे। चेम्बर की जिला स्तर पर इकाइयों का गठन होगा।
रेल और हवाई सेवाओं के विस्तार के लिये प्रयत्न करेंगे। केन्द्र सरकार द्वारा डिफेंस के क्षेत्र में एफडीआई के सीधे निवेश की योजना के अंतर्गत जबलपुर में निवेश करवाने का प्रयास सहित महाकोशल क्षेत्र के उद्योग और व्यापार के सघन विकास के लिये मदर इंडस्ट्री की मांग की आपूर्ति के लिये राष्ट्रीय एवं प्रांतीय स्तर पर कोशिश की जाएगी।
ये हैं मैदान में: रवि वाजपेयी अध्यक्ष, अर्जुन पुरसवानी वरिष्ठ उपाध्यक्ष, शांतिलाल पटेल कनिष्ठ उपाध्यक्ष, अरुणकांत अग्रवाल मानसेवी मंत्री, सुधीर जैन साधु कोषाध्यक्ष एवं सहमंत्री पद के लिये सतीश जैन व अनूप अग्रवाल मैदान में हैं। सभी ने अपने पक्ष में मतदान की अपील की है।
चेम्बर चुनाव के लिए मतदान आज
महाकोशल चेम्बर आॅफ काॅमर्स एण्ड इंडस्ट्री के चुनाव की वोटिंग रविवार 21 सितम्बर को चेम्बर भवन सिविक सेंटर मढ़ाताल में पूर्वान्ह 11 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगी। 1390 मतदाता हैं, जो आज अपने मतों का प्रयोग कर चेम्बर के पदाधिकारी चुनेंगे। चुनाव अधिकारी के.कुमार ने बताया कि मतदान में पदों अनुसार अलग-अलग बेलट बाॅक्स बनाये गये हैं। शाम 5 बजे तक जो भी मतदाता मतदान केन्द्र के अंदर आ जाएगा उसे मतदान करने का मौका दिया जाएगा। चुनाव की तैयारी पूरी हो गई है। वहीं 22 सितम्बर को 11 बजे से मतगणना शुरू होगी।पी-1