पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Clouds Come From The North, Come Morning Was Freezing Knock

उत्तर से आए बादल बरसे, सुबह आते ही ठंड ने दी दस्तक

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जबलपुर. उत्तर भारत के बादलों की खेप लंबा सफर तय करते हुए रात में शहर तक पहुंच गई। सुबह नजारा एकदम बदला नजर आया। सूर्योदय होने से पहले तक घुप अंधकार छाया रहा। सुबह भी ठीक से नहीं हो पाई और बादलों का बरसना शुरू हो गया। दिन भर बादल डटे रहे और बूंदें भी झरझर बरसती रहीं। अगले कुछ घंटों तक इस तरह का असर बना रहेगा।
मौसम में आए बदलाव से यह भी साफ हो गया है कि जब कभी आसमान साफ होगा, ठण्डक का बढ़ना तय है। हालांकि अब तक ठण्ड के इजाफे में सबसे बड़ा अड़ंगा बादलों का ही रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश होने की वजह से पहले और हाल-फिलहाल आए बादल खाली हो जाएंगे और तकरीबन चौबीस घंटों के बाद आसमान पूरी तरह से साफ होगा। चूंकि मौसम में नमी का प्रतिशत काफी बढ़ गया है, इस वजह से ठण्डक जमकर असर दिखाएगी।
जानकारों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तर भारत के बादल मध्य क्षेत्र की ओर खिंच कर आ रहे हैं। हालांकि विक्षोभ का असर अब धीरे-धीरे कम होता जा रहा है। इसी कारण हवाओं में भी हल्का सा बदलाव आया है। दक्षिण-पूर्वी हवाओं की रफ्तार 3 से 4 किमी प्रति घंटा हो गई है।
बूंद-बूंद से भरा पैमाना - शुरूआत से लेकर आखिरी दौर तक बारिश हल्की ही रही, कुछ क्षेत्रों में ओस की फुहारों जैसा नजारा भी दिखाई पड़ा। लोगों ने गर्म कपड़ों और रेनकोट का सहारा लिया। दोपहर के वक्त कुछ स्थानों पर तेजी से बूंदें बरसीं, लेकिन महज चंद मिनटों के लिये। बहरहाल, मौसम कार्यालय में 1.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके साथ ही अब तक की कुल बारिश का आंकड़ा बढ़कर 44.2 मिमी तक पहुंच गया है।