जबलपुर. स्वीकृत आम रास्ते में मंदिर बना कर उसे बंद कर देने की समस्या का निराकरण पाने के लिए कृष्णा होम्स व माॅडल टाउन काॅलोनी के रहवासी एक अधिकारी से दूसरे अधिकारी के चक्कर लगा रहे हैं। यहां तक की सीएम हेल्प लाइन में भी शिकायत करने के बाद भी उन्हें अब तक उनकी गंभीर समस्या का समाधान नहीं किया गया है। जिस वजह से दोनों काॅलोनी के हर वर्ग को मुख्य सड़क तक जाने के लिए करीब डेढ़ से दो किलोमीटर का रास्ता रोज तय करना पड़ रहा है। कृष्णा होम्स कॉलोनी के अध्यक्ष बीबी शुक्ला ने बताया कि इस समस्या को निपटाने के लिए उनकी सोसायटी के सदस्यों ने जनसुनवाई में कई बार आवेदन दिये, लेकिन इसके बाद भी अब तक संबंधित अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
जबकि इस अवैध कब्जे को हटाने के लिए वर्ष 2010 में ही हटाने के निर्देश हो गये हैं। लेकिन अब तक नगर निगम की अतिक्रमण शाखा के अधिकारियों व कर्मचारियों ने इस अवैध कब्जे को नहीं हटाया है। यहीं वजह है कि पहले यहां पर अवैध रूप से दीवार बनाई गई फिर धार्मिक स्थल बना दिया गया है। अगर अब भी इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उनकी सोसायटी का प्रतिनिधि मण्डल भोपाल जाएगा और सीएम से मुलाकात करेगा। अगर इसके बाद समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो दोनों काॅलोनी के रहवासियों के द्वारा मौके पर आन्दोलन किया जाएगा।
वर्ष 2004 से कर रहे हैं शिकायत
श्री शुक्ला ने बताया कि इन दोनों काॅलोनी का मुख्य रास्ता इसी स्थान से स्वीकृत है। इसके बावजूद भी एपीआर काॅलोनीवासियों के द्वारा यह रास्ता छोटा मंदिर व दीवार बनाकर बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों काॅलोनी के लोग इस रास्ते को खुलवाने के लिए वर्ष 2004 से नगर निगम मुख्यालय तथा संभागीय कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला है। जिसके कारण दोनों काॅलोनियों के रहवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।