जबलपुर. कलेक्टर खेती-किसानी के साथ ही गरीबों के प्रति प्रत्येक बैठक में गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दे रहे हैं। पिछली बैठक में जहां उन्होंने अधिकारियों को यूरिया वितरण के साथ ही किसानों को नहरों से पर्याप्त पानी देने के निर्देश दिए थे, वहीं सोमवार की बैठक में उन्होंने गरीबों के राशन के प्रति चिंता व्यक्त की है। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा करते हुए खाद्यान्न एवं शक्कर के देर से उठाव पर नाराजगी व्यक्त की।
कलेक्टर शिवनारायण रूपला ने अधिकारियों को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगले माह समय सीमा पर पूरा उठाव हो जाना चाहिए, अन्यथा संबंधित अधिकारी कार्यवाही के लिए तैयार रहें। इस सिलसिले में सहकारी बैंक, खाद्य नियंत्रक, नागरिक आपूर्ति निगम तथा जिला विपणन अधिकारी को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। वे सोमवार को कलेक्ट्रेट में धान उपार्जन कार्य की समीक्षा कर रहे थे।
तत्परता से करें जिम्मेदारियों का निर्वहन
कलेक्टर ने सहकारिता और मार्कफेड के अधिकारियों को तत्परता से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की हिदायत दी। शून्य पंजीयन वाले केंद्रों के मामलों में खाद्य नियंत्रक को निर्देश दिए कि वे सहकारी बैंक अधिकारियों को इस सिलसिले में नोटिस जारी करें। जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए किसानों के पंजीयन अथवा नवीनीकरण की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर होगी। नए किसानों का पंजीयन, पुराने पंजीयन में संशोधन तथा पिछले वर्ष के पंजीयन का नवीनीकरण 10 अक्टूबर तक ही होगा। कलेक्टर ने किसानों से कहा कि वे 10 अक्टूबर तक अपना पंजीयन या नवीनीकरण आवश्यक रूप से करा लें।
यह भी दिए निर्देश
- अधिकारी जाति प्रमाण तैयार करने के कार्य को गंभीरता से लें।
- एसडीएम इस कार्य की सतत् मानीटरिंग करें।
- जिला परियोजना समन्वयक मैपिंग के कार्य में तेजी लाएं।
- मुख्यमंत्री हैल्प लाइन के प्रकरणों का समय पर निराकरण करें।
- नगर निगम के अधिकारी लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाएं।
- राजस्व विभाग के लंबित प्रकरणों का जितनी जल्दी हो निराकरण करें।
- जांच योग्य प्रकरणों में अधिकारी शीघ्र जांच प्रतिवेदन पेश करें।
- नगरीय निकाय निर्वाचन की तैयारी समय पर पूरी करें।
- भेड़ाघाट में होने वाले नर्मदाेत्सव की तैयारी के लिए अधिकारी सजग रहें।