जबलपुर. पनागर खिरहनी निवासी नरेश बिरहा ने एसपी कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान एक शिकायत देकर बताया कि उनकी बेटी को ससुराल में दहेज के लिए प्रताड़ित कर मारा गया है। पीड़ित ने शिकायत की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की गुहार लगायी।
पीड़ित परिवार की शिकायत सुनकर एसपी ने निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस संबंध में की गई शिकायत में बताया गया कि उनकी बेटी का विवाह एक वर्ष पूर्व हुआ था। शादी के बाद ससुराल में दहेज के लिए मारपीट की जाने लगी।
ससुराल वाले उससे दहेज में बाइक लाने की मांग कर रहे थे। 5 फरवरी को बेटी के ससुर उनके पास पहुंचे और 50 हजार व बाइक देने कहा, जिस पर मैंने असमर्थता जता दी। इसके अगले दिन उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। पीड़ित परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की गुहार लगायी है।
जनसुनवाई में एक नवविवाहिता ने एसपी को शिकायत देकर बताया कि ससुराल में उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता है। दहेज लाने का दबाव बनाकर उसका ससुर उसके साथ अश्लीलता करता है। ससुराल वाले उससे दहेज में एक लाख व बाइक लाने की मांग कर मारपीट कर रहे हैं। पीड़ित महिला ने कार्रवाई की गुहार लगायी है।
इसी तरह गढ़ा क्षेत्र में रहने वाली प्रीति चौधरी ने शिकायत दर्ज करायी कि उसका पति परायी औरत को लेकर भाग गया है। महिला ने आरोप लगाया कि वह पति द्वारा दी जा रही मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना से तंग आ चुकी है। पीड़ित महिला ने पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।